पिछले कुछ समय से राजधानी दिल्ली तथा देश के अन्य भागों में स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, न्यायालयों आदि में बम रखे होने की धमकियां विभिन्न माध्यमों से आ रही हैं जिनके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। इस तरह की धमकियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसी धमकियों की पिछले लगभग 10 दिनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 23 फरवरी, 2026 को दिल्ली विधानसभा सचिवालय, लाल किला और  दिल्ली के 2 स्कूलों ‘दिल्ली आर्मी पब्लिक स्कूल’ और ‘एयरफोर्स बाल भारती स्कूल’ सहित कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसे बाद में फर्जी पाया गया। इसी दिन विधानसभा और उसके अध्यक्ष की आधिकारिक ई-मेल आई.डी. पर सुबह 8 बजे धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए।
* 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल में ‘कोलकाता’ की सत्र अदालत, बैंकशाला स्थित मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट की अदालत और पश्चिम वर्धमान जिले के ‘आसनसोल’ तथा ‘दुर्गापुर’ में स्थित अदालतों को ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। इस कारण संबंधित परिसरों में बड़े पैमाने पर निकासी और तलाशी अभियान चलाना पड़ा।
* 25 फरवरी को ‘पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट’ को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। सुरक्षा एजैंसियों ने सावधानी के तौर पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जो लगभग 2 घंटे तक जारी रहा। घटना के बाद हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई ।

* 26 फरवरी को ‘कानपुर सैंट्रल’ (उत्तर प्रदेश) रेलवे स्टेशन पर बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
* 28 फरवरी को उक्त घटना के 36 घंटों के भीतर ही ‘कानपुर सैंट्रल’ रेलवे स्टेशन पर दूसरी बार बम की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस बम निरोधक दस्ता, एंटी सबोटेज टीम और श्वान दस्ते ने स्टेशन परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 
* 2 मार्च को ‘जालंधर’ के ‘रामा मंडी’ इलाके में स्थित 10 प्रसिद्ध स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। इसी दिन पटियाला के मुख्य डाकघर तथा चंडीगढ़ के डाकघर और पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की ई-मेल द्वारा धमकियां मिलीं। 
* 2 मार्च को ही नई दिल्ली के 3 बैंकों और 6 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां दी गईं जिनके बाद कई सुरक्षा बलों ने इन परिसरों को खाली करवा कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 
इसी दिन ‘गोवा’ की राजधानी ‘पणजी’ के ‘पट्टो’ इलाके में पासपोर्ट भवन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला।

* 5 मार्च को राजस्थान में ‘बीकानेर’, ‘श्रीडूंगरगढ़’, ‘खाजूवाला’, ‘छतरगढ़’, ‘नागौर’ और ‘मेड़ता’ जिलों में कोर्ट परिसरों को 14 बमों से उड़ाने की ई-मेल से धमकियां मिलने के बाद हड़कंप मच गया। 
* और अब 6 मार्च को ‘रांची’ (झारखंड) में ‘गैलेक्सिया मॉल’ स्थित ‘रीजनल पासपोर्ट आफिस’ को ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद समूचे परिसर तथा आसपास के क्षेत्र की सघन जांच की गई परंतु यहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

सुरक्षा एजैंसियों की जांच में यह बात सामने आ रही है कि इनमें से अधिकतर धमकियां विदेशों से ‘इंटरनैट प्रोटोकाल नंबर’ का इस्तेमाल करके दी गईं और धमकियां देने वालों तक पहुंचना कठिन है लेकिन हमें देश के इंटरनैट ढांचे में इस तरह की व्यवस्था करनी पड़ेगी जिससे इस तरह का संदेश मिलने से पहले ही इसके फर्जी होने का भी पता चल सके। इससे आम लोगों और सुरक्षा एजैंसियों का समय बर्बाद होने से बचेगा और लोगों में व्यर्थ का भय भी नहीं फैलेगा और सुरक्षा भी मजबूत रहेगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031