सारण, बिहार के सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र में, उसी गांव के पांच दरिंदों ने 15 साल की एक नाबालिग छात्रा का गैंगरेप किया और उसके बाद उसे जिंदा कुएं में फेंक दिया। करीब आधे घंटे तक अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करने के बाद, उस मासूम बच्ची ने कुएं के अंदर ही, अपनी मां की आंखों के सामने दम तोड़ दिया।
घात लगाकर बैठे थे आरोपी
यह घटना बुधवार देर शाम की है। मृत छात्रा घर पर खाना बनाने के लिए लकड़ियां लेने पास में ही बनी अपनी पुरानी झोपड़ी में गई थी। लेकीन उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि गांव के पांच युवक पहले से ही वहां घात लगाकर बैठे हैं। जैसे ही वह वहां पहुंची, आरोपियों ने उसे दबोच लिया, एक सुनसान घर के बाथरूम में घसीटकर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान लड़की जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
छात्रा की चीखें सुनकर दौड़े परिजन
छात्रा की चीखें सुनकर, उसकी मां और बड़ी बहन सहित आसपास के लोग घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ें। परिजनों को आता देख हैवानों के दिल में जरा भी दया नहीं आई। मां के मौके पर पहुंचने से पहले ही, आरोपियों ने लड़की को उसके पैरों से घसीटते हुए 10 मीटर दूर बने एक कुएं तक पहुंचाया। फिर दरिंदों ने छात्रा को गहरे कुएं में धकेल दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले।
कुएं में 30 मिनट तक मौत से लड़ती रही छात्रा
चीखना-चिल्लाना सुन कर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और लड़की को बचाने कि कोशिश करने लगे। लेकिन, कुआं काफी गहरा था। जब तक गांव वाले रस्सी और हुक लगी एक छड़ी की मदद से उसे बाहर निकाल पाए, तब तक वह अपनी आखिरी सांस ले चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मासूम बच्ची पानी के अंदर करीब आधे घंटे तक संघर्ष करती रही और दर्द से कराहती रही थी। छात्रा के के पिता दूसरे राज्य में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते हैं, घटना के समय घर पर केवल महिलाएं ही मौजूद थीं।
मैं सबको खरीद लूंगा
गांव वालों और परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने पहले भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। एक बार तो वह जबरदस्ती उनके घर में घुस आया था और उसने छात्रा के साथ बलात्कार करने की धमकी दी थी। आरोपी अक्सर अपनी बेहिसाब दौलत का रोब झाड़ता था और दावा करता था कि वह पुलिस और प्रशासन, दोनों को खरीद सकता है। गांव वालों का कहना है कि इन युवकों ने पहले भी कई दूसरी लड़कियों को परेशान किया था, लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते उनकी हिम्मत बेतहाशा बढ़ गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अब इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है, हालांकि, अब तक केवल एक आरोपी को ही हिरासत में लिया जा सका है, जबकि चार अन्य अभी भी फरार हैं। सारण ग्रामीण SP संजय कुमार ने बताया कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।














