प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट थाना इलाके के बोरी पी गांव में विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे एक डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुएं में शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कुएं में अर्धनग्न हालत में मिले शव की सूचना मिलने की पुलिस और परिजन सोमवार को मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और मृतक का मोबाइल फोन तलाशने के लिए कुएं का पानी खाली करवाया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्ध लोगों को डिटेन भी किया है।
यह है पूरा घटनाक्रम
पीपलखूंट थाना प्रभारी छबिलाल ने बताया कि बांसवाड़ा जिले के डूंगरा छोटा क्षेत्र के मछारसाथ गांव के 28 वर्षीय डॉ. मोहित मछार 15 अप्रेल को एक मित्र की शादी में शामिल होने पीपलखूंट थाना क्षेत्र के बोरी पी गांव आया था। उसी रात करीब 11 बजे के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों से संपर्क टूट गया। परिजनों ने तलाश के बाद कलिंजरा और पीपलखूंट थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई।
वहींं 19 अप्रेल सुबह बोरी पी गांव के एक कुएं में डॉक्टर का अर्धनग्न शव मिला। घटना स्थल के पास जूते और खून से सनी शर्ट बरामद हुई, जबकि मोबाइल और पैंट नहीं मिले थे। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने के कारण हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन तलाशने के लिए कुएं का पानी खाली करवाया।
परिजनों ने हत्या का केस दर्ज कराया
शव का बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंपा। मोहित मछार ने कोटा से एमबीबीएस किया था और वर्तमान में राजसमंद में एक एनजीओ के साथ कार्यरत था। परिजनों की ओर से हत्या का मामला दर्ज कराया था।
वहीं मामले की संंदिग्धता को देखते हुए सोमवार को पुलिस और परिजन बोरी पी गांव पहुंचे। जहां जांच के दौरान कुएं का पानी खाली कराया। इसके साथ ही कई लोगों ने पूछताछ भी की। इस दौरान बांसवाड़ा उपजिला प्रमुख विकास बामणिया परिजनों के साथ पहुंचे। जहां आसपास लोगों से भी पता किया। कुएं का पानी खाली करवाकर युवक के मोबाइल को खोजने की कोशिश की गई।



















