उत्तराखंड के नैनीताल स्थित बाबा नीम करौली के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में एक बार फिर आस्था का सैलाब उमड़ता दिख रहा है. मंगलवार (10 नवंबर 2026) दोपहर करीब 2 बजे नैनीताल-भवाली रोड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए पहुंचते नजर आए.
कैंची धाम लंबे समय से देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र रहा है, लेकिन हाल के महीनों में यहां आने वाले भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है. स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, वीकेंड और छुट्टियों के दिनों में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी भीड़ जुट रही है. इसका असर मंदिर तक जाने वाले रास्तों पर भी साफ दिखाई देता है.

कैंची धाम में भक्तों का तांता
मंगलवार को भी नैनीताल-भवाली रोड पर बड़ी संख्या में वाहन और श्रद्धालु नजर आए. कई लोग परिवार के साथ बाबा नीम करोली के दर्शन के लिए पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे हैं. सड़क पर बढ़ी आवाजाही के चलते कुछ स्थानों पर धीमी गति से यातायात चलता नजर आया.
फिल्म हनुमान अंश के बाद लोकप्रियता में इजाफा
कैंची धाम की लोकप्रियता हाल में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद भी युवाओं और नए श्रद्धालुओं के बीच बाबा नीम करौली को लेकर दिलचस्पी और आस्था पहले की तुलना में अधिक बढ़ी है. यही वजह है कि देश के विभिन्न राज्यों से लोग कैंची धाम पहुंच रहे हैं और बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए लंबी दूरी तय कर रहे हैं.



















