चेन्नई : तमिल अभिनेत्री अक्षया हरिहरन ने दावा किया है कि 23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों 2026 के दौरान किसी और ने उनके नाम पर वोट डाल दिया। अभिनेत्री ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि ऑनलाइन अपनी डिटेल्स चेक करने के बाद वह चेन्नई के अड्यार में अपने पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचीं। क्योंकि उन्हें अपनी वोटर स्लिप नहीं मिली थी, इसलिए वह बूथ पर जाकर अपनी स्लिप निकवाने गई। लेकिन वहां वह तब हैरान हो गईं कि उनकी पर्ची कट चुकी थी। बाद में पता चला कि उनका वोट भी पड़ गया था।
अक्षया हरिहरन ने कहा कि वह वोट डालने के लिए वेलाचेरी से अड्यार आई थीं। इस चौंकाने वाले अनुभव के बारे में बताते हुए, अक्षया हरिहरन ने आरोप लगाया कि उन्होंने पोलिंग स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक इंतज़ार किया, जिसके बाद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। उन्होंने आगे दावा किया कि हालांकि नाम और डिटेल्स उनसे मेल खाते थे, लेकिन रिकॉर्ड में मौजूद तस्वीर किसी दूसरी महिला की थी।
24 साल की दूसरी महिला की लगी थी तस्वीर
अक्षया ने बताया कि वहां एक दूसरी महिला की तस्वीर थी, जिसकी उम्र 24 साल बताई गई थी, और उन्होंने उसका फिंगरप्रिंट भी ले लिया था। मेरा सरनेम हरिहरन है, इसलिए कागज़ पर सब कुछ सही था, लेकिन सिर्फ़ तस्वीरें अलग थीं। हालांकि उन्होंने यह माना कि उन्हें पहले ही जांच कर लेनी चाहिए थी। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि कोई और मेरा वोट कैसे डाल सकता है?
वैकल्पिक वोट डलवाया, पर सील नहीं किया
अभिनेत्री ने आगे कहा कि बाद में उन्हें एक वैकल्पिक वोट डालने की अनुमति दी गई, लेकिन उन्होंने इस प्रक्रिया पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने इसे सच में निराशाजनक बताया कि बूथ पर कोई भी उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाया। आखिरकार, इतने लंबे इंतज़ार के बाद, मैंने अपना ‘टेंडर बैलेट वोट’ या ‘चैलेंज वोट’ डाला। उन्होंने कहा कि मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि सही शब्द क्या है। मुझे यह सही नहीं लगा, क्योंकि यह सिर्फ़ एक कागज़ का टुकड़ा था, और उन्होंने इसे मेरे सामने सील भी नहीं किया। आख़िर ऐसी चीज़ें होने ही क्यों दी जाती हैं? मेरे सवालों का जवाब किसी के पास नहीं था।
कानूनी ऐक्शन लेंगी अक्षया हरिहरन
अक्षया ने कहा कि यह सचमुच बहुत निराशाजनक है कि ऐसी चीज़ें हो रही हैं। कुछ वकीलों ने मुझसे संपर्क किया था, इसलिए मैंने वैकल्पिक वोट का इस्तेमाल किया। मैंने जो किया वह सही था, लेकिन मैं अपने नज़दीकी RO ऑफ़िस में इसकी शिकायत ज़रूर करूंगी। तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरे, जिनमें रजनीकांत, सूर्या और कमल हासन शामिल हैं, भी पोलिंग बूथ पर नज़र आए।



















