राजनांदगांव। स्वच्छता से ही बेहतर स्वास्थ्य संभव है, इसी सोच के साथ शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए प्रयास फिर शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में मिलचाल स्थित मणिकंचन केंद्र (एसएलआरएम सेंटर) परिसर में स्वच्छता दीदीयों द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छ शहर के उद्देश्य को लेकर शुरू किए गए इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक प्रबंध किया जा रहा है। शहर में चलाए जा रहे जागरुकता अभियान में कचरा संग्रहण तथा कचरे का पृथकीकरण करने के साथ-साथ पॉलिथीन से मुक्ति के प्रयास को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इस दौरान यह भी समझने का प्रयास किया जा रहा है कि जनवरी महीने में संभावित आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल स्थान हासिल करने के लिए क्या-क्या चुनौतियां आ सकतीं हैं और उससे कैसे निपटा जा सकेगा। इसके तहत विशेष सफाई अभियान चलाकर पॉलिथीन से मुक्ति, डोर टू डोर कचरा संग्रहण तथा डस्टबीन का उपयोग करने के साथ-साथ कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए लोगों को मॉस्क पहनने, हाथों को सैनेटाइज करने तथा सामाजिक-शारीरिक दूरी का पालन करने की समझाईश दी जा रही है। शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए झिल्ली-पन्नी के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और नागरिकों व व्यवसायियों को इसका उपयोग नहीं करने की समझाईश दी जा रही है। सार्वजनिक शौचालय व सामुदायिक शौचालय में सफाई पर जोर देते हुए वहां के दरवाजे आदि की मरम्मत कर बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारी जा रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 की बाजी जीतने के लिए नगर निगम की स्वच्छता टीम इसलिए भी उत्साहित है, क्योंकि इससे पहले साल 2020 की स्वच्छता रैंकिंग में राजनांदगांव शहर को स्वच्छता के लिए छत्तीसगढ़ में दूसरा तथा दो लाख की आबादी वाली श्रेणी में 10वां स्थान हासिल हुआ था। इसी तरह ओवरऑल रैंकिंग में शहर देश में 18वें स्थान पर था। स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 की यह रैंकिंग केंद्रीय आवास व शहरी मंत्रालय के द्वारा जारी की गई थी। इसके बाद अब साल 2021 के स्वच्छता सर्वेक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में स्वच्छता टीम की सदस्य (स्वच्छता दीदी) मणिकंचन केंद्र क्रमांक-5 मिलचाल की सुपरवाइजर प्रेमा सोनकर ने बताया, राजनांदगांव शहर में कुल 51 वार्ड हैं और इन सभी वार्डों में नियमित साफ सफाई की जा रही है। प्रेमा कहती हैं, बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है। इस दिशा में सेवा का अवसर मिला है तो शहरवासियों की सेहत का ख्याल रखना भी हमारा मूल कर्तव्य है और इसीलिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मिलचाल क्षेत्र में लोगों से गीला कचरा व सूखा कचरा अलग-अलग रखने की अपील की गई। मणिकंचन केंद्र क्रमांक-10 की सुपरवाइजर राधा चौहान ने बताया, स्वच्छता के लिए स्वच्छता दीदीयों और सफाई मित्रों सहित कुल 432 लोगों की टीम सेवारत है। वर्तमान में सभी 51 वार्डों में प्रतिदिन डोरटू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। इससे जगह-जगह कचरे के ढेर नहीं लग रहे हैं। मणिकंचन केंद्र क्रमांक 9 की सुपरवाइजर जागेश्वरी लहरे ने बताया, नगर निगम क्षेत्र में 18 जगहों पर एसएलआरएम सेंटर बनाए गए हैं, जिसका नाम मणिकंचन केंद्र है। कचरा संग्रहण के बाद मणिकंचन केंद्रों में प्रतिदिन कचरों का पृथकीकरण किया जाता है। इसी तरह मणिकंचन केंद्र क्रमांक-13 की सुपरवाइजर ऊषा मेश्राम ने बताया, आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्चतम स्थान प्राप्त करना हमारा प्रमुख उद्देश्य है और इसीलिए स्वच्छ शहर के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कचरा संग्रहण करने के लिए नगर निगम से रिक्शा मिला हुआ है। कचरों का नियमित निष्पादन होने से मौसमी बीमारियां काफी हद तक नियंत्रण में हैं। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बताया, स्वच्छता और स्वास्थ्य ही हमारी प्राथमिकता है तथा इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को भी दृष्टिगत रखते हुए स्वच्छता कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के साथ एसएलआरएम सेंटरों में कचरे की छंटनी कर उसे कम्पोस्ट किया जा रहा है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031