Ganga Expressway Inauguration: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे की सौगात प्रदेशवासियों को दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हरदोई जिले के मल्लावां से किया. प्रदेश का सबसे लंबा 594 किलोमीटर का मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे न केवल यूपी के आर्थिक विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा. बल्कि यह यूपी की लाइफ लाइन भी बनेगा. यह एक्सप्रेस-वे पूरब को जहां पश्चिम को सीधे कनेक्ट करेगा. वहीं गंगा एक्सप्रेस-वे से 12 जिले 518 गांव भी जुड़ेंगे. एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने से जहां औद्योगिक विकास में गति आएगी. वहीं इसका सीधा लाभ व्यापारियों और किसानों को मिलेगा. इसके साथ ही साथ गंगा एक्सप्रेस-वे से उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा. गंगा एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने के बाद मेरठ और प्रयागराज के बीच की दूरी 6 से 7 घंटे के बीच तय होगी. मेरठ एक्सप्रेस-वे के साथ ही यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बन गया है. इसका निर्माण 36320 करोड़ की लागत से किया गया है.

यूपी को गाली देने वाली पार्टी के साथ संसद में खड़ी है सपा- पीएम मोदी

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकार ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगल राज को यूपी की पहचान बना दिया था. यूपी के माफियाओं पर फिल्में बनती थी. लेकिन अब यूपी की कानून व्यवस्था का देश भर में उदाहरण दिया जाता है. समाजवादी पार्टी विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है. केंद्र की एनडीए सरकार संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी. बड़ी संख्या में हमारी माताएं, बहने संसद, विधायक बनकर दिल्ली, लखनऊ पहुंचती. लेकिन सपा ने इस संशोधन बिल के खिलाफ वोट किया. यूपी को गाली देकर पॉलिटिक्स करने वाली डीएमके जैसी पार्टियां उन्हें इस बात पर आपत्ति थी कि यूपी की सीटें क्यों बढ़ेगी. समाजवादी पार्टी संसद में उन्हीं के सुर में सुर मिला रही थी. सपा वाले यहां से आपके वोट लेकर संसद जाते हैं और संसद में यूपी के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं. इसलिए यूपी के लोग कहते हैं समाजवादी पार्टी कभी सुधर नहीं सकती है. यह लोग हमेशा महिला विरोधी राजनीति ही करेंगे.

Ganga Expressway Live: भाजपा सरकार के काम करने की स्पीड है- हरदोई में पीएम मोदी

हरदोई में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के तेज विकास के लिए हमें तेजी से आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का भी निर्माण करना है. यूपी का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेस वे, यह पांच साल के भीतर बनकर तैयार हो गया है. गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा. इसके और बेहतर उपयोग के लिए फारुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ना आएगा. ये हैं डबल इंजन सरकार का विजन. ये है भाजपा सरकार के काम करने की स्पीड. ये है भाजपा सरकार के काम का तरीका. पहले की सरकारों ने जिस तरह किसानों की उपेक्षा की उसके कारण किसान परेशानियों के में ही घिर करके रह गए. यहां के किसानों की फसलें बड़े बाजारों तक नहीं पहुंच पाती थी. कोल्ड स्टोरेज की कमी थी, लॉजिस्टिक्स का अभाव था. किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिलता था. अब उन कठिनाइयों का समाधान भी तेजी से होगा.

Ganga Expressway Live: पहलें सरकारें आती-जाती रहती थीं, लेकिन सड़कें नहीं बनती थीं- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अब वो दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था. एक बार घोषणा हो गई तो वर्षों तक फाइलें चलती थी. चुनाव के लिए पत्थर लग जाता था. उसके बाद सरकारें आती रहती थी, जाती रहती थी. लेकिन काम का कुछ अता पता नहीं लगता था. डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण भी होकर के रहता है.

Ganga Expressway Live: यूपी को एक्सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है- पीएम मोदी

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि UP को एक्सप्रेसवे का वरदान माँ गंगा का आशीर्वाद है. ये एक्सप्रेसवे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा. अब आप कुछ ही घंटों में संगम भी पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते हैं. मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है.

Ganga Expressway Live: गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन कार्यक्रम में बोले सीएम योगी

जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले का उत्तर प्रदेश परिवारवाद और जातिवाद के जकड़न में, दंगों में, अराजकता में कर्फ्यू में ,माफिया की समानांतर चलने वाले उस अराजकता भरे माहौल में था. लेकिन पिछले 9 साल से डबल इंजन की सरकार में सड़कों का 4 लाख किलोमीटर का एक बेहतरीन नेटवर्क हम सबको देखने को मिल रहा है. इंटरस्टेट कनेक्टिविटी फोर लेन के साथ, हर जिला मुख्यालय चार लेन के साथ, हर ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों को चार लेन और दो लेन की सड़कों के साथ जोड़ करके, सात सिटी में मेट्रो और देश की पहली रैपिड रेल आदरणीय प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों दिल्ली, मेरठ के बीच में इस पूरे कॉरिडोर का उद्घाटन करके उन दूरियों को समेटने के साथ ही उत्तर प्रदेश के इस अनलिमिटेड पोटेंशियल को आगे बढ़ाने के लिए जो कार्य किया है. आज वो जमीनी धरातल पर डबल इंजन सरकार की ताकत के रूप में एक्सप्रेसवे के रूप में, रैपिड रेल के रूप में, इनलैंड वाटरवे के रूप में, मेट्रो के रूप में, रेलवे के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रूप में हम सबको देखने को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश के अंदर केवल यह एक्सप्रेसवे हमारी दूरी को ही कम नहीं कर रहे हैं. बल्कि इन सभी पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर, जो आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने यूपी के लिए स्वीकृत किया था, वह भी है और साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अंदर इन एक्सप्रेसवे के माध्यम से अन्नदाताओं किसानों की उन्नति के ये एक्सप्रेसवे बने हैं. युवाओं के रोजगार के एक्सप्रेसवे बने हैं. आस्था और संस्कृति के एक्सप्रेसवे हैं और प्रदेश की समृद्धि के एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। ये एक्सप्रेसवे 27 स्थानों पर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल क्लस्टर एंड लॉजिस्टिक्स हब डेवलप करने की कार्यवाही भी तेजी के साथ ही.

Ganga Expressway Live: गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये भी अद्भूत संयोग है कि पिछले चार-पांच दिनों में मैं मां गंगा के सानिध्य में रहा हूं. 24 अप्रैल को जब मैं बंगाल में था, तब मां गंगा के दर्शन किए और कल तो मैं काशी में था और आज सुबह ही फिर विश्वनाथ जी, मां अन्नपूर्णा और मां गंगा का दर्शन करने का सौभाग्य मिला था और अब मां गंगा के नाम से बने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने का मौका मिला. इसमें हमारा विकास का विजन भी झलकता है और संस्कृति का दर्शन होता है.

Ganga Expressway Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

594 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को उद्घाटन किया. यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों के 518 गांव से होकर गुजर रहा है. इस एक्सप्रेसवे को बनने में 5 साल लगे हैं. करीब 36000 करोड़ की लागत से यह एक्सप्रेसवे तैयार हुआ है.

Ganga Expressway Live: विपक्ष पर सीएम योगी ने साधा निशाना

2017 से पहले का उत्तर प्रदेश परिवारवाद में, कर्फ्यू में, हिंसा में आरजकता के माहौल में विकास की रोजगार की निवेश की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था. लेकिन पिछले 9 साल में डबल इंजन की सरकार में एक्सप्रेसवे को रफ्तार मिली है और इससे अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार मिली है.

Ganga Expressway Live: सीएम योगी ने मंच पर पीएम मोदी का किया स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां गंगा के समानंतर उस विराट को छूने के लिए यूपी के आर्थिक विस्तार को नई उड़ान देने के लिए जिस एक्सप्रेसवे का शिलान्यास आपने 2021 में किया था, उसका उद्घाटन आपके कर कमलों द्वारा होने जा रहा है. आपके विजन को इस जमीनी धरातल पर उतारकर उद्घाटन के भव्य अवसर पर मैं भक्त प्रह्लाद की धरा पर आपका अभिनंदन करता हूं. हरदोई भक्त प्रह्लाद के उद्धार की भूमि में आज यह अवसर हम सबको प्राप्त हो रहा है.

रोड शो करते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे PM मोदी, बटुकों ने शंखनाद से किया स्वागत

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी में दौरे के दूसरे दिन बुधवार को रोड शो करते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। जगह-जगह काशीवासियों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। दूसरी ओर, बंगाल में आज दूसरे चरण का मतदान जारी है। ऐसे में प्रधानमंत्री का श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन विशेष माना जा रहा है। श्री विश्वनाथ धाम में डमरुओं की गूंज और बटुकों ने शंखनाद के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर रहे हैं।

भाजपा ने बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए पांच पॉइंट बनाए गये थे। इन पांच पॉइंट्स पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। इन पांचों पॉइंट्स पर मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं काशी की जनता उपस्थित रहे। ये मुख्य पॉइंट मंडुआडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन, चौक और काशी विश्वनाथ मंदिर गेट थे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031