हैदराबाद: जून में राज्यसभा की रिक्त होने वाली 24 सीटों के लिए चुनाव होगा। आंध्र प्रदेश की चार राज्यसभा सीटों पर एनडीए की जीत तय है, क्योंकि विधानसभा में विपक्षी YSR कांग्रेस पार्टी के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है। बताया जा रहा है कि सीएम चंद्राबाबू ने इस वेकेंसी को फुल करने का फॉर्मूला तय कर दिया है। दो सीटों पर तेलगूदेशम ( टीडीपी ) के उम्मीदवार उतारे जाएंगे, जबकि सहयोगी जन सेना पार्टी और बीजेपी को एक-एक सीटें मिलेंगी। पवन कल्याण के लिए यह पहला मौका होगा, जब उनकी पार्टी से राज्यसभा में भी सांसद होगा। अब इन सभी पार्टियों में उम्मीदवारी के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। सभी दलों में कई नाम उभरकर सामने आए हैं।
चार सीटों पर एनडीए की जीत तय
- आंध्र प्रदेश में राज्यसभा की चार रिक्तियां YSRCP के परिमल नथवानी, पिल्ली सुभाष चंद्रबोस और अल्ला अयोध्या रामी रेड्डी और टीडीपी के सना सतीश बाबू का कार्यकाल पूरा होने के बाद हुई है।
- एक जून को इन सीटों पर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी। 8 जून तक एनडीए को कैंडिडेट की लिस्ट फाइनल करनी होगी, क्योंकि यह नामांकन की आखिरी तारीख है।
- संभावना है कि सांसदों का चुनाव निर्विरोध होगा।
- आंध्र विधानसभा की 175 विधानसभा सीटों में से 164 सीटें टीडीपी और उसके गठबंधन सहयोगी बीजेपी-जन सेना पार्टी के पास हैं।
- यदि जरूरत हुई तो वोटिंग 18 जून को होगी। इसके बाद विजेता की घोषणा की जाएगी।



















