गाजा पट्टी में इजरायल रक्षा बलों यानी IDF को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इजरायली सेना ने एक विशेष सैन्य अभियान में आतंकवादी संगठन हमास की सैन्य शाखा के नए कमांडर और 7 अक्टूबर 2023 के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है। यह कार्रवाई इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज के सीधे निर्देशों पर की गई। इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा कर इस अभियान की पुष्टि की है।

महज एक हफ्ते पहले संभाली थी कमान

मारे गए हमास कमांडर मुहम्मद ओदेह को लेकर इजरायली खुफिया एजेंसियों ने बड़ा खुलासा किया है। ओदेह ने 7 अक्टूबर, 2023 को इज़राइल पर हुए बर्बर हमले और नरसंहार के दौरान हमास के खुफिया स्टाफ के प्रमुख के रूप में मुख्य भूमिका निभाई थी। उसे महज एक हफ्ते पहले ही हमास की सैन्य विंग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया था। ओदेह से पहले इस पद पर काबिज एज्ज़ेदीन अल-हदाद को भी इजरायली सेना ने दो हफ्ते पहले गाज़ा पट्टी में एक सटीक हवाई हमले में ढेर कर दिया था। ओदेह पर कई इजराइली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण और उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के कई मामले दर्ज थे।

‘हम सभी दोषियों तक पहुंचेंगेः बेंजामिन नेतन्याहू

इस बड़ी कामयाबी के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 7 अक्टूबर के नरसंहार में शामिल हर एक आतंकवादी को खत्म करने का अपना संकल्प दोहराया। नेतन्याहू ने कहा कि हमने हमास की सैन्य विंग के नेता और 7 अक्टूबर के नरसंहार के मास्टरमाइंड मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इजरायल इस हमले के सभी जिम्मेदार चेहरों को ढूंढ निकालेगा और कोई भी उनकी कार्रवाई से बच नहीं पाएगा।

दक्षिणी लेबनान में इजराइल की भारी बमबारी, 31 की मौत

एक तरफ जहां गाजा में हमास के खिलाफ कार्रवाई तेज है, वहीं दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ भी अपने मोर्चे को और आक्रामक कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान के टायर और मरजायून जिलों में भीषण हवाई हमले किए हैं। टायर जिले के बुर्ज राहल, कव्रथारियत अल-रुज और स्रीफा कस्बे में कई हवाई हमले दर्ज किए गए, जबकि मरजायून के अस-सवाना और कबरिखा में भी भारी बमबारी हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को हुए इन हमलों में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

हिजबुल्लाह पर और आक्रामक होने के निर्देश

लेबनान में बढ़े इन हमलों के पीछे प्रधानमंत्री नेतन्याहू का वह हालिया निर्देश है, जिसमें उन्होंने सेना को हिजबुल्लाह के खिलाफ ‘कार्रवाई की रफ्तार और तेज करने’ को कहा था। यह निर्देश तब आया जब अमेरिकी अधिकारियों ने संकेत दिए कि बढ़ते ड्रोन हमलों के बीच वाशिंगटन ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल के बड़े अभियान का समर्थन कर सकता है। एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि इज़रायल हिजबुल्लाह के साथ पूरी तरह युद्ध में है और हाल के हफ्तों में 600 से अधिक आतंकवादियों को ढेर किया जा चुका है। उन्होंने साफ किया कि इजरायल अपनी सैन्य कार्रवाई की रफ्तार को किसी भी कीमत पर धीमी नहीं करने वाला है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031