ऋषिकेश। उत्तराखंड के टिहरी जिले में थाना मुनि की रेती क्षेत्र के भद्रकाली के पास माचिस फैक्ट्री तिराहे पर मिट्टी से भरा एक डंपर सड़क से नीचे गिर गया। हादसे में डंपर चालक और नीचे झोपड़ी में सो रही एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा पुलिस की लापरवाही के चलते हुआ।
नीचे झोपड़ी में सो रही एक महिला की मौत
शुक्रवार सुबह थाना मुनी की रेती इलाके के भद्रकाली मंदिर से मंगल आश्रम की ओर माचिस फैक्ट्री तिराहे के पास मिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि डंपर सड़क से सीधे लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। ट्रक के साथ सड़क पर लगे कंक्रीट के डिवाइडर सीधे सड़क के बांयी ओर झोपड़ी में सो रही महिला के ऊपर जा गिरा, जिससे उस महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान वाहन चालक की भी डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई।
डंपर चालक की भी मौत
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला के शव को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहीं डंपर चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल भेज दिया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि झोपड़ी के आसपास करीब एक दर्जन लोग सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस घटना की कर रही जांच
पुलिस ने मृतकों की पहचान ट्रक चालक फारुख निवासी बहादरपुर लक्सर जिला हरिद्वार और झोंपड़ी में सो रही महिला कौशल्या उम्र 42 वर्ष पत्नी सुरेश निवासी बावाडी शिवपुरी जिला टिहरी गढ़वाल के रूप में की है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
बिना जांच के निकल रहे हैं डंपर
घटना स्थल पर पता चला कि जिस डंपर से महिला और डंपर चालक की मौत हुई है उस डंपर पर लगी नंबर प्लेट भी अधूरी लगी हुई थी। जिस पर रात को चलने वाले बेकाबू ट्रकों/डंपरों के संचालन पर पुलिस चैक पोस्टों की लापरवाही दिखाई दी है। जिनके आगे से बिना जांच के ऐसे डंपर निकल रहे हैं जो मानकों को दरकिनार कर दुर्घटना का कारण बने हुए हैं।



















