Unnao News: उन्नाव जिले के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने एक नहर के किनारे पुरुष और महिला के शव बरामद किए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात ग्रामीणों ने सूचना दी कि रसीदपुर गांव में शारदा नहर की शाखा नहर के पास एक पुरुष और एक महिला के शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लिया और उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया और पुरवा कोतवाली प्रभारी भुवन सिंह मौर्य ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान तुरी छविनाथ गांव निवासी अनिल कुमार शुक्ला (57) और निदाखेड़ा गांव निवासी सोनी (32) के रूप में हुई है। शुक्ला क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक संचालित करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्ला ने शादीशुदा होने के बावजूद लगभग 3 महीने पहले सोनी से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस ने बताया कि विवाह के बाद दोनों अपने-अपने घर छोड़कर उन्नाव शहर में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उसने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया ने बताया कि पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



















