Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में एक निजी क्लिनिक में गलत इंजेक्शन लगाने से छह साल की बच्ची की मौत के बाद एक झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार को कांडी पुलिस थाना इलाके के एक निजी क्लिनिक में उस समय हुई, जब बच्चे को बुखार के इलाज के लिए वहां ले जाया गया था। मृत बच्ची भवनाथपुर पुलिस थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली थी। कांडी पुलिस थाने के निरीक्षक मो. अश्फाक आलम ने बताया कि मृत बच्ची की मां के बयान के आधार पर गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आलम ने कहा, “आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वह अभी फरार है, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” गढ़वा के उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने बताया कि क्लिनिक में इंजेक्शन दिए जाने के कुछ ही देर बाद बच्ची की मौत हो गई। उन्होंने कहा, “पीड़िता की मां का आरोप है कि रंजीत कुमार मेहता नाम के झोलाछाप चिकित्सक ने अपने क्लिनिक में उसे इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उसकी मौत हो गई। लड़की को बुखार था।” उन्होंने बताया कि क्लिनिक गैर-कानूनी तरीके से संचालित किया जा रहा था और उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “उपायुक्त से क्लिनिक को सील करने का आदेश मिला है। औषधि निरीक्षक जरूरी कार्रवाई के लिए क्लिनिक का दौरा करेंगे।”



















