उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने आखिरकार उड़ान भर ली. सोमवार को एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट रवाना हुई और इसके साथ ही देश के नागरिक उड्डयन इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया. लेकिन इस उद्घाटन की सबसे खास बात सिर्फ विमान सेवा की शुरुआत नहीं थी, बल्कि वे किसान थे, जिन्हें इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने के बदले सम्मान स्वरूप पहली उड़ान का यात्री बनाया गया.

करीब 170 किसान जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हुए. इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की थी जिन्होंने अपने जीवन में पहली बार हवाई जहाज में कदम रखा. कई महिलाओं और बुजुर्ग किसानों के चेहरे पर उत्साह साफ दिखाई दे रहा था. लखनऊ पहुंचने के बाद इन किसानों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी प्रस्तावित है.

“हवाई चप्पल वाला भी हवाई जहाज में चलेगा”

किसान मनोज कुमार की खुशी शब्दों में छलक पड़ी. उन्होंने कहा, “बहुत खुशी है. जब 2014 में सरकार बनी थी मोदी जी के द्वारा तो मोदी जी ने कहा था कि एक हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज की यात्रा करेगा. आने वाले समय में वह दिन आज आ चुका है. बहुत छोटी उम्र से सपना था हमारा, आज वो पूरा हुआ है. बहुत-बहुत धन्यवाद है योगी जी का, मोदी जी का और बीजेपी सरकार का जिन्होंने यह दिन हमें दिखाया.”

एक अन्य किसान ने कहा कि वे पहले भी सहमति प्रक्रिया और परियोजना से जुड़े कार्यक्रमों में लखनऊ गए थे, लेकिन यह यात्रा खास है क्योंकि यह जेवर एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान है.

वहीं पहली बार विमान में बैठने जा रहे रथराम शर्मा ने कहा, “हम तो कभी गए ना, अब जा रहे हैं.” उनके चेहरे पर उत्सुकता और खुशी दोनों साफ दिखाई दे रही थीं.

महिलाओं में भी उत्साह कम नहीं था. एक महिला यात्री ने कहा, “बहुत खुशी से जा रहे हैं, बहुत अच्छा लग रहा है. बाबा से मिलने को जा रहे हैं.” वहीं दूसरी महिला ने पहली उड़ान को लेकर कहा, “डर नहीं लगता, बहुत खुशी है कि पहली बार उड़ के जाएंगे.”

जेवर एयरपोर्ट का असर केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं माना जा रहा. रियल एस्टेट और औद्योगिक क्षेत्र भी इसे गेमचेंजर के रूप में देख रहे हैं.

साया ग्रुप के प्रबंध निदेशक विकास भसीन के अनुसार, यह एयरपोर्ट नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर नई पहचान देगा. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक केंद्र, आईटी पार्क और आर्थिक क्षेत्र रोजगार तथा निवेश के नए अवसर पैदा करेंगे.

जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जश पंचमिया का मानना है कि अब नोएडा को वही रणनीतिक लाभ मिलेगा जो वर्षों से गुरुग्राम को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की वजह से मिलता रहा है. उनके मुताबिक इससे बहुराष्ट्रीय कंपनियों, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) और घर खरीदारों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ेगी.

जेवर एयरपोर्ट की पहली उड़ान सिर्फ एक विमान की टेकऑफ नहीं है. यह उन किसानों के सपनों की उड़ान भी है जिन्होंने अपनी जमीन देकर इस परियोजना की नींव रखी. अब यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और निवेश की दिशा बदलने की क्षमता रखने वाला एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनकर उभर रहा है.

ग्रेटर नोएडा से तीन मित्रों के परिवार के साथ बेंगलुरू यात्रा पर निकले सौरव बंसल, नवीन जिंदल और अमित सिंघल परिवार के साथ एयरपोर्ट पहुंचे उन्होंने बताया कि दिल्ली की अपेक्षा नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करना बेहद आसान है। लखनऊ जाने वाली विशेष उड़ान से जाने वाले किसानों जयवीर सिंह, चरण सिंह, देवेंद्र भारद्वाज, विपिन शर्मा, हरीश शर्मा ने बताया कि उनके खेतों में कभी हरियाली और फसलें लहलहाती थी आज वही खेत जेवर के विकास की कहानी सुना रहे हैं।

ज्यादातर महिलाएं जीवन में पहली बार हवाई यात्रा करने जा रही थी। उन्होंने बताया कि कभी इन खेतों में खड़े होकर आसमान में जहाज उड़ते देखे थे आज जब इन्हीं खेतों से हवाई जहाज में बैठकर आसमान में उड़ान भरेंगे इससे ज्यादा खुशी और क्या होगी। किसानों ने बताया कि यात्रा बेहद शानदार रही मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने किसानों का बहुत दिल खोलकर स्वागत किया सभी किसानों को दो पटका, भगवान श्रीराम की मूर्ति, दो उपहार भेट करते जमीन देने के लिए आभार जताया गया।

महिलाओं ने भजन सुना भक्तिमय किया माहौल

रोही निवासी मीनू ने बताया कि नोएडा से उड़ान टेक-आफ करने के बाद फ्लाइट में सवार महिलाओं कुसुम देवी ने स्थानीय लोकगीत अरै तू लै ले राम को नाम बुढापा बैरी आवेगो।। धर्मराज की जुड़े कचहरी वहां कहा बातावेगो…अरे तेरी खाली जाए रिपोर्ट वहां तू कहा दिखावेगो…गाना शुरू किया अन्य महिलाओं ने उनका साथ दिया जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

महिला सफाई कर्मी ने की नोएडा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ वर्ष पूर्व हिमाचल प्रदेश के शिमला में मंच से एलान करते हुए कहा था कि देश का हवाई चप्पल पहने वाला व्यक्ति भी अब हवाई जहाज की यात्रा कर सकेगा। सोमवार को नोएडा एयरपोर्ट पर इसका उदाहरण देखने को मिला रोही निवासी पूर्व ग्राम प्रधान पति भगवान सिंह ने बताया कि कलावती देवी गांव में घर-घर जाकर महिला सफाईकर्मी का काम करती है एयरपोर्ट के लिए उनके मकान का विस्थापन हुआ और आज हवाई चप्पलों में उन्होंने लखनऊ के लिए उड़ान भर सरकार के कथन को सच साबित किया है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031