चीन की BYD ग्रुप के प्रीमियम ब्रांड Denza ने अपनी ताकत दिखाने के लिए एक अनोखा कारनामा किया है. कंपनी की प्रोडक्शन SUV Bao 5 ने ब्रिटेन के सरे स्थित Dunsfold Aerodrome में 180 टन वजनी Boeing 747-400 विमान को खींच लिया. खास बात यह है कि SUV ने यह काम सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर किया. उसने तीन अलग-अलग प्रयासों में विमान को कुल 1,600 मीटर तक खींचा. पहले चार पहियों पर, फिर तीन और आखिर में सिर्फ दो पहियों पर. Denza ने इसका वीडियो 18 नवंबर 2026 को जारी किया. आइए देखते हैं.

इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए Denza की टीम ने Bao 5 के दाईं तरफ के दोनों पहिए निकाल दिए. इसके बाद कार ने बाईं तरफ के सिर्फ दो पहियों के सहारे 180 टन वजनी Boeing विमान को खींचा. यानी हर पहिए पर करीब 90 टन का वजन था. कार का बैलेंस बिगड़ने से बचाने के लिए दोनों एक्सल पर छोटे स्टेबलाइजर लगाए गए. वहीं, कार की पिछली और आगे की सीटें हटाकर उसमें 4,500 kg का एक्स्ट्रा वजन रखा गया, ताकि दोनों टायर सड़क पर मजबूती से टिके रहें. इससे पहले तीन पहियों के साथ किए गए टेस्ट में 2,000 kg का वजन रखा गया था.

Denza Bao 5 में मिलता है दमदार हाइब्रिड सिस्टम

Denza Bao 5 के DMO प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम में दोनों एक्सल पर अलग-अलग इलेक्ट्रिक मोटर लगी हैं. आगे वाली मोटर 272 hp और पीछे वाली 388 hp की पावर देती है. इसके अलावा, 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ एक तीसरी मोटर भी दी गई है, जो जनरेटर का काम करती है. इन सभी को मिलाकर SUV को 544 hp की पावर और 760 Nm का टॉर्क मिलता है. Denza का कहना है कि इस खास कारनामे के लिए पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया था.

खास लॉकिंग सिस्टम ने निभाई अहम भूमिका

इस SUV में आगे और पीछे के पहिये अलग-अलग मोटर से चलते हैं. दोनों मोटरों के बीच कोई सीधा कनेक्शन नहीं है. ऐसे में अगर आगे या पीछे के दोनों पहिये निकाल दिए जाते, तो उस मोटर के पास गाड़ी को आगे बढ़ाने के लिए कोई पहिया नहीं बचता. इसलिए कार के एक तरफ के पहिये निकाले गए, ताकि आगे और पीछे की मोटर को एक-एक पहिया मिलता रहे.

इसके अलावा, SUV में आगे और पीछे खास लॉकिंग सिस्टम दिया गया है. इसका काम मोटर की पावर को बेकार जाने से रोकना और बचे हुए पहियों तक पहुंचाना है. Denza के मुताबिक, इस कारनामे के बाद गाड़ी की जांच की गई. इसमें इंजन-मोटर सिस्टम, बॉडी के निचले हिस्से और टायरों में कोई नुकसान नहीं मिला.

विमान खींचने में Porsche ने बना रखा है वर्ल्ड रिकॉर्ड

इससे पहले भी कारों से बड़े-बड़े विमानों को खींचने के कारनामे हो चुके हैं. नवंबर 2006 में Volkswagen ने Dunsfold Aerodrome में 155 टन वजनी Boeing 747-200 को खींचा था. इसके लिए कंपनी ने Touareg V10 TDI का इस्तेमाल किया था. हालांकि, विमान को खींचने के लिए SUV में एक्स्ट्रा वजन भी डालना पड़ा था, ताकि उसके पहियों को अच्छी पकड़ मिल सके. यह विमान पहले British Airways के बेड़े का हिस्सा था.

विमान खींचने का सबसे भारी रिकॉर्ड Porsche के नाम है. साल 2017 में कंपनी की Cayenne S Diesel ने पेरिस के Charles de Gaulle एयरपोर्ट पर 285 टन वजनी Air France Airbus A380 को 42 मीटर तक खींचा था. इस कारनामे के लिए Porsche को Guinness World Records का खिताब भी मिला था.

Denza के नाम दो खास रिकॉर्ड

रिकॉर्ड के मामले में Denza का दावा थोड़ा अलग है. कंपनी के मुताबिक, उसका 747-400 विमान करीब 180 टन वजनी है और इसके इंजन के साथ पूरा इंटीरियर भी बरकरार रखा गया है. यह विमान 2020 में सेवा से बाहर हो चुका था. Denza का दावा है कि उसकी कार ने किसी विमान को सिर्फ दो पहियों पर खींचने वाली पहली प्रोडक्शन कार होने का रिकॉर्ड बनाया है. साथ ही, यह पहला मौका है जब किसी Boeing 747 को पूरी तरह इलेक्ट्रिक पावर से खींचा गया है.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30