What's Hot

देहरादून के चंद्रबनी में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. 23 वर्षीय रिया कुमारी थापा ने अपने घर के कमरे में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. रिया एंट्रेंस परीक्षा की तैयारी कर रही थी. जैसे ही परिवार वालों को पता चला कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है. 23 साल की रिया कुमारी थापा पढ़ाई में बहुत अच्छी थी. रिया ने 12वीं में 97.6% अंक हासिल कर टॉप किया था. उसने देहरादून के आईएसबीटी के नजदीक राममोहन राय इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी.

पुलिस को सुसाइड नोट मिला

“आई लव यू मम्मी-पापा” रिया कुमारी थापा के आखिरी शब्द थे, जो उसने अपने सुसाइड नोट में लिखे. 23 साल की रिया पढ़ाई में बेहद होशियार थी. रिया के पिता कारगिल युद्ध लड़ चुके हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं. रिया टॉपर थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी परीक्षा फीस और किताबों का खर्च खुद उठाती थी. रिया परीक्षा की तैयारी कर रही थी और दो बार परीक्षा दे चुकी थी. पहली बार वह सफल नहीं हो पाई, लेकिन 2026 में हुई दूसरी परीक्षा को लेकर वह काफी आश्वस्त थी. उसने परिवार और आसपास के लोगों से कहा था कि उसका पेपर अच्छा गया है और वह जरूर पास होगी.

जानकारी के मुताबिक, रिया देर रात तक पढ़ाई करती थी, लेकिन जब सुबह उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसकी मां ने दरवाजा खटखटाया. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पिता को बुलाया. पिता ने दरवाजा खोला तो अंदर रिया फांसी के फंदे पर लटकी मिली.

‘रिया बहुत होनहार बेटी थी’

पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि रिया बहुत होनहार बेटी थी. उनका कहना है कि 2026 में हुए परीक्षा एग्जाम के बाद रिया ने कहा था कि इस बार वह जरूर पास होगी, लेकिन परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी परेशान हो गई थी. रिया ने कहा था कि उसे नहीं लगता कि वह आगे तैयारी कर पाएगी या नहीं. हरेंद्र सिंह गुसाईं ने कहा कि उनकी बेटी व्यवस्था की भेंट चढ़ गई. उन्होंने बताया कि रिया ने 12वीं में टॉप किया था और उसे क्षेत्र में सम्मानित भी किया गया था.

पूर्व पार्षद हरिप्रसाद भट्ट ने बताया कि रिया ने दो बार एंट्रेंस परीक्षा दी थी. पिछली बार उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था, लेकिन इस बार वह काफी खुश थी और उसे उम्मीद थी कि वह परीक्षा पास कर लेगी. उन्होंने बताया कि 21 तारीख को होने वाली परीक्षा की वह तैयारी कर रही थी, लेकिन पहले परीक्षा रद्द होने के बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी.

सीओ अंकित कंडारी ने क्या बताया? 

सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि चंद्रबनी क्षेत्र में एक युवती ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया. जांच में पता चला कि रिया अपने माता-पिता के साथ रहती थी और देर रात तक पढ़ाई करती थी. मंगलवार सुबह जब उसकी मां ने नाश्ते के लिए दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद पिता को बुलाया गया और दरवाजा खोलने पर रिया फंदे से लटकी मिली. पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में रिया ने लिखा है, “आई लव यू पापा” और “इसमें किसी की कोई गलती नहीं है.” पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31