संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र स्थित एस.आर. राइस मिल में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें विषैली गैस से दो मजदूरों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि राइस मिल के अंदर एक व्यक्ति जहरीली गैस के प्रभाव में आ गया. उसे बचाने के लिए दूसरा व्यक्ति भी अंदर गया, लेकिन वह भी हादसे का शिकार हो गया.
दोनों मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
CM ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
संभल जिले में हुए इस फैक्ट्री हादसे में श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने SDRF की मदद से राहत एवं बचाव अभियान को तेज करने के साथ ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए. साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
राइस से नमी हटाने के लिए मशीन की टैंक में गया था मजदूर
संभल के SP कृष्ण कुमार बिश्नोई में मामले पर कहा कि, ‘घटना कल रात 2.30 बजे SR राइस मिल में हुई है. जहां, एक व्यक्ति राइस से नमी हटाने वाली मशीन के अंदर बने टैंक में नीचे उतरा था, मगर सिलिकॉन गैस की वजह से वह बेहोश हो गया. उसे बचाने के लिए एक और व्यक्ति नीचे उतरा, लेकिन वो भी हादसे का शिकार हो गया और दोनों की मौत हो गई. इसके बाद किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की. SHO ने फैक्ट्री मालिक और मजदूरों के परिवारों से भी बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



















