हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री अपने नाती के लिए खुद रसोई में पूड़ियां बेलते और तलते नजर आ रहे हैं। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद रेड्डी ने अपने नाती रियांश की नाश्ते में ‘पूरी’ खाने की इच्छा को पूरा किया। इस दौरान उनका नाती भी रसोई में मौजूद रहकर पूरे उत्साह के साथ अपने दादा को खाना बनाते हुए देखता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है। राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच परिवार के साथ बिताए गए इन खास पलों ने रेवंत रेड्डी के व्यक्तित्व का एक अलग ही पहलू सामने रखा है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को ‘ग्रैंड पापा वाला प्यार’ बताते हुए उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं।
सीएम ने एक्स पर शेयर किया वीडियो
सीएम ने खुद यह वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने इसी वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि पापा.. मैं तो तभी खाऊंगा जब आप पूड़ी बनाएंगे। अगर पोता ऐसा पूछे, तो क्या यह गलत होगा? उसके बगल में, पोता, हाथ में आटे का एक टुकड़ा, झुर्रियों में हंसी, एक दर्जन पूड़ी जो गोल नहीं हैं। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तता में पोते के साथ पूरी बनाते हुए बिताए ये कुछ पल, मीठी यादें। लोग सीएम के इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं।
सीएम के नाती का नाम रेयांश
बता दें कि तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी की बेटी निमिषा रेड्डी की शादी सत्यनारायण रेड्डी से हुई है। वे भीमवरम के रहने वाले बिजनेसमैन जी. वेंकट रेड्डी के बेटे हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नाती का नाम रेयांश है। सीएम रेवंत रेड्डी के पूरी तलने से तीन साल का रेयांश भी चर्चा में आ गया।



















