राजौरी ( शिवम ) : राजौरी से थन्नामंडी और बफ्लियाज की ओर जाने वाली सड़क की हालत इस प्रकार है कि यहां से वाहनों का गुजरना खतरे से खाली नहीं है। जानकारी के अनुसार इस सड़क पर चूजों से भरा एक ट्रक शनिवार को हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क की खराब हालत एवं उचित सड़क सुविधा न होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और खेत में जा लुढ़का। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ और चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ग्रिफ (GREF) विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में उचित सड़क निर्माण न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि इस स्थान पर पहले भी दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने और सड़क की स्थिति में जल्द सुधार करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।



















