बेंगलुरु: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का 85 साल की उम्र में शनिवार को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में निधन हो गया। कर्नाटक सरकार ने चेन्नम्मा के अंतिम संस्कार के समय उन्हें राजकीय सम्मान देने का फ़ैसला किया है। दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुएॉ सरकार ने उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है। बता दें कि चेन्नम्मा पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में गंभीर दिक्कतों के कारण अस्पताल में इलाज करा रही थीं। हार्ट अटैक के बाद शाम करीब 4 बजे चेन्नम्मा का निधन हो गया। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, उन्हें बुधवार रात शहर के ओल्ड एयरपोर्ट रोड स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका श्वास संबंधी बीमारी का इलाज किया जा रहा था।
सोमवार को होगा अंतिम संस्कार
अस्पताल ने एक बयान में कहा कि हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि आज शाम चार बजे ठीक होने की संभावना के बावजूद श्रीमती चेन्नम्मा को गंभीर हृदयाघात हुआ। देवेगौड़ा, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी तथा परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में मौजूद थे। पार्थिव शरीर को शनिवार रात बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित उनके आवास ले जाया गया और आज दोपहर तक वहीं रखा जाएगा। अंतिम संस्कार सोमवार को हासन जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में किए जाने की संभावना है।
पीएम मोदी, राहुल गांधी और कर्नाटक सीएम समेत कई नेताओं ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार समेत कई नेताओं ने चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। शिवकुमार ने घोषणा की कि सरकार ने चेन्नम्मा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्णय लिया है, क्योंकि वह एक पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी की माता थीं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने चेन्नम्मा के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें मां समान बताया। उन्होंने कहा कि चेन्नम्मा बेहद धार्मिक महिला व समर्पित मां थीं और उन्होंने बड़े परिवार की देखभाल करते हुए सही मार्ग दिखाया।



















