ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला और उसके पति पर महिला के प्रेमी की हत्या करने का आरोप है। इसका कबूलनामा खुद आरोपी महिला ने बाद में अपने मकान मालिक को वॉयस मेल भेजकर किया।
सोमवार की सुबह ठाणे के डोम्बिवली इलाके के एक फ्लैट से पीड़ित का सड़ा-गला शव मिला। व्यक्ति की उम्र 40 साल के बताई जा रही है। पड़ोसियों ने मकान से बदबू आने पर पुलिस से शिकायत की थी।
पति-पति पर महिला के प्रेमी की हत्या का आरोप
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपी कपल फरार है और उनकी तलाश की जा रही है। घटना तब सामने आई जब मनपाड़ा इलाके में फ्लैट के मालिक को अपार्टमेंट से तेज बदबू आई। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संदीपान शिंदे ने बताया कि फ्लैट पिछले चार दिनों से बंद था।
उन्होंने कहा, ‘बदबू आने पर फ्लैट मालिक ने तुरंत अपने किराएदार से संपर्क करने की कोशिश की। जवाब में, किराएदार की पत्नी ने मालिक को एक वॉयस मेल भेजा, जिसमें उसने कबूल किया गया कि उसका प्रेमी उसे परेशान कर रहा था, इसलिए उसने और उसके पति ने घर के अंदर ही उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। ‘
कमरे से मिला सड़ा-गला शव
सूचना मिलते ही पुलिस की टीममौके पर पहुंचीं, दरवाजा तोड़ा तो अंदर से एक व्यक्ति का बुरी तरह सड़ा-गला शव मिला। अधिकारी ने कहा, ‘आरोपी कपल ने वॉशरूम का नल खुला छोड़ दिया था, शायद इसलिए ताकि आसपास शोर बना रहे जिससे उनके पकड़े जाने में देरी हो।’ मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
कई मामलों में केस दर्ज
इस घटना पर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमारी टीमें कई सुरागों पर तेजी से काम कर रही हैं और लापता कपल का पता लगाने के लिए उन्हें अलग-अलग जगहों पर भेजा गया है।’
मनपाड़ा पुलिस ने आरोपी कपल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत FIR दर्ज की है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच चल रही है।



















