हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भोरंज इलाके में मंगलवार तड़के किराए के मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक स्थानीय युवक ने आपा खोते हुए एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। हद तो तब हो गई, जब मौके पर विवाद सुलझाने और बीचबचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपी ने हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब 4 बजे भोरंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनोह स्थित नायरा पैट्रोल पंप के पास यह पूरी घटना घटी। आरोपी युवक और टैक्सी चालक के बीच किराए के पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपी युवक हिंसक हो गया और उसने टैक्सी चालक पर बेरहमी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भोरंज पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब हिंसक हो चुके युवक को रोकने और गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो आरोपी ने पुलिस दल के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी को भी चोटें आई हैं। हालांकि, इंस्पैक्टर प्रशांत की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने बेकाबू आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा।

इस जानलेवा हमले में घायल हुए टैक्सी चालक की पहचान 48 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के बल्ह तहसील के गांव गुटकर का रहने वाला है। लहूलुहान हालत में दिनेश को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भिजवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, कानून को हाथ में लेने वाले युवक की शिनाख्त प्रदीप राणा पुत्र जगदीश के रूप में हुई है, जो हमीरपुर के भोरंज  के गांव नुहाड़ा, डाकघर दिम्मी का ही स्थानीय निवासी है।

हमीरपुर के एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कानून अपने हाथ में लेने और पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना भोरंज में आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 121(1) और 132 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031