Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मोटरसाइकिल के खड्ड में गिरने के बाद एक किशोर लापता हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बालू-साहो लिंक रोड पर पक्काटाला स्थित काली माता मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात सक्षम (19) और शुभम (17) (गांव सरू जिला चंबा) मिंजर मेले से घर लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल खड्ड में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और शुभम को बचाने में कामयाब रहे, लेकिन सक्षम लापता हो गया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शुभम को पास के अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, लापता युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नदी के मुहाने और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है।



















