उत्तर प्रदेश – हरदोई जिले के हरपालपुर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने वर्तमान साथी के साथ मिलकर अपने पूर्व पति को न केवल बंधक बनाया, बल्कि उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं. महिला ने अपने पूर्व पति का आधा सिर मुंड़वा दिया, उसकी आधी मूंछ काट दी और उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में अपमानित किया गया. घटना के बाद पुलिस महिला की तलाश में जुटी है. लेकिन उसकी जो कहानी सामने आई है, वह हैरान करने वाली है. क्योंकि महिला की तीन शादियां हुई हैं और उसके 9 बच्चें हैं. लेकिन वह चौथे युवक से अफेयर करने जा रही थी. जब उसके तीसरे पति ने उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने पति का बहाने से बुलाकर उसका सिर मुड़वा दिया.
हरदोई के खुर्रमपुरवा गांव का मामला
मामला हरदोई के खुर्रमपुरवा गांव का है. यहां रहने वाली सोनिया यादव नाम की महिला ने तीन शादियां की हैं, जिससे उसके 9 बच्चे हैं. ताजा विवाद चौथे प्रेमी को लेकर हुआ है. आरोप है कि सोनिया यादव के चौथे व्यक्ति से संपर्क को लेकर उसके तीसरे पति नरेंद्र ने सवाल उठाया तो उसे कथित तौर पर धोखे से अरवल थाना क्षेत्र के खुर्रमपुरवा गांव बुलाया. यहां महिला और उसके दूसरे पति मुन्ना यादव ने उसे पकड़ लिया. फिर कैंची और उस्तरे से उसका आधा सिर मुंड़वा, आधी मूंछ काट दी और गले में जूतों की माला पहना दी. बंधक बनाकर रखे गए नरेंद्र का वीडियो भी बनाया गया, जिसमें वह हाथ जोड़कर रोता और रहम की गुहार लगाता दिख रहा है. सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला सुर्खियों में आ गया. पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
नरेंद्र ने बताया कैसे सोनिया से हुई मुलाकात
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव में रहने वाले नरेंद्र ने बताया सोनिया यादव उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. सोनिया ने पहले कई बार फोन किया और बाद में दोनों के बीच प्यार-मोहब्बत की बातें होने लगी. लगातार बातचीत के बाद नरेंद्र सोनिया से मिलने के लिए कन्नौज के गौरीघाट पहुंचा. वहां से नरेंद्र उसे गुरुग्राम ले गया और करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली. परिवार की नाराजगी के बावजूद नरेंद्र का दावा है कि वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ रहा. बाद में उसे महिला की पिछली जिंदगी के बारे में जानकारी मिली तो वह हैरान रह गया. नरेंद्र को पता चला कि सोनिया ने पहले से दो शादियां की हैं और उसके 9 बच्चे हैं.

महिला पर चौथे अफेयर का शक
नरेंद्र के मुताबिक जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब होने पर उसके कहने से वह उसे गौरीघाट छोड़ आया. इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क रहा. गुरसहायगंज के एक होटल में दोनों के बीच तीन से चार बार मुलाकात भी हुई. नरेंद्र का दावा है कि अलग-अलग मौकों पर सोनिया ने उससे करीब 40 हजार रुपये लिए. 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला. इसी दौरान उसने महिला का मोबाइल चेक किया, आरोप है कि मोबाइल में किसी चौथे व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने पर दोनों में विवाद हुआ. इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था की सफाई कराने की बात भी सामने आई. गुस्से में नरेंद्र ने सोनिया को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया.



















