शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी धोखे से एक थर्ड जेंडर (किन्नर) से करा दी गई। युवक का कहना है कि विवाह के करीब 27 दिन बाद उसे इस बात की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस तक पहुंच गया।

मंदिर में हुई थी शादी, कुछ दिनों बाद हुआ शक

पीड़ित युवक के अनुसार उसका विवाह 29 जून 2026 को राजगढ़ जिले के पचोर स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद उसे पत्नी के बारे में ऐसी जानकारी मिली जिसने उसे हैरान कर दिया। युवक का आरोप है कि उससे दुल्हन की वास्तविक पहचान छिपाई गई थी।

युवक का कहना है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे दुल्हन के परिजन उसके घर पहुंचे और तत्काल उसे अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे। जब परिवार ने सुबह जाने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला

परिवार का आरोप है कि शोर सुनकर युवक का भाई और भाभी बीच-बचाव के लिए आए तो उन पर भी हमला किया गया। शिकायत के मुताबिक लकड़ी से हमला कर भाभी को चोट पहुंचाई गई, जबकि युवक के भाई पर धारदार वस्तु से वार किए जाने से उसकी उंगली घायल हो गई। मारपीट के दौरान दांत से काटने का भी आरोप लगाया गया है।

शादी के नाम पर एक लाख रुपये लेने का भी आरोप

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि विवाह के नाम पर उनसे एक लाख रुपये लिए गए थे। उनका कहना है कि जब कथित सच्चाई सामने आई तो उन्होंने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन इसके बजाय विवाद और बढ़ गया। परिवार का यह भी आरोप है कि जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

पांच लोगों पर दर्ज हुआ मामला

कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर पचोर निवासी पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031