रायपुर। कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाया गया। स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल विजय दिवस की थीम पर आधारित पोस्टर एवं रंगोली प्रदर्शनी के अवलोकन, वंदे मातरम् तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, रायपुर डॉ. आरती गुहे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक विजय का स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, साहस एवं बलिदान की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मेजर सूबेदार गोवर्धन शर्मा ने अपने संबोधन में भारतीय सशस्त्र सेना में 34 वर्षों की सेवा के अनुभव साझा करते हुए सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन एवं समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशभक्ति, अनुशासन एवं सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कारगिल युद्ध के वीर योद्धा मेजर सूबेदार आलोक वर्मा ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए सेना के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं राष्ट्रसेवा के मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से देश के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. एन. पी. दीक्षित ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा में हमारे वीर सैनिकों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र सेवा की शपथ ली तथा कारगिल युद्ध सहित राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

अंत में डॉ. पायल जायसवाल, कार्यक्रम अधिकारी (छात्रा इकाई), राष्ट्रीय सेवा योजना, कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी एवं सफल सिद्ध हुआ।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930