नई दिल्ली: दिल्ली लक्ष्मी योजना (Delhi Laxmi Yojana) के तहत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज यानी  1 अगस्त से शुरू हो चुकी है. दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल लाइव कर दिया है. उन्होंने खुद  ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर बताया कि आज से इस योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल खुल गया है.इस योजना के जरिए पात्र महिलाओं के खाते में हर महीने पूरे ₹2,500 भेजे जाएंगे.

अगर आप भी दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने ₹2,500 की आर्थिक मदद पाना चाहती हैं तो बिना देर किए आज ही ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा लें. हालांकि इस योजना का लाभ हर महिला को नहीं मिलने वाला है.आइए जानते हैं इस योजना का लाभ किसे मिलेगा और किसे नहीं…

17 लाख से ज्यादा महिलाओं को  फायदा 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि यह पहल दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाएगी.  दिल्ली सरकार ने अपने 2026-27 के बजट में  इसके लिए 5,110 करोड़ रुपए का बजट का प्रावधान किया है, जिससे राज्य की करीब 17 लाख से ज्यादा महिलाओं को सीधा फायदा  मिलने का अनुमान है.

किसे मिलेगा योजना का लाभ? 

नियमों के तहत, 21 से 60 साल की उम्र की वे महिलाएं ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए पात्र होंगी, जिनके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपए तक है. दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है कि केवल वे महिलाएं ही पात्र होंगी, जो या जिनके परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली के निवासी हैं. एक परिवार में, केवल सबसे बड़ी पात्र महिला ही योजना के लिए योग्य होगी और प्रत्येक परिवार से केवल एक महिला ही इस योजना का लाभ उठा सकेगी.

किसे नहीं मिलेगा ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का फायदा?

इस योजना का लाभ केवल जरूरतमंदों को मिले, इसके लिए सरकार ने कुछ कड़े नियम बनाए हैं. ऐसे में ये जान ले कि कौन-कौन इस योजना से बाहर रहेगा? आइए आसान शब्दों में आपको बताते हैं कि किन महिलाओं को इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा.

  • जो महिलाएं इनकम टैक्स देती हैं या जीएसटी (GST) फाइल करती हैं.
  • सरकारी कर्मचारी या जिनके परिवार के सदस्य सरकारी विभागों/पीएसयू (PSU) में काम करते हैं.
  • जो महिलाएं पहले से ही किसी अन्य सरकारी योजना के तहत आर्थिक मदद ले रही हैं.
  • जिन परिवारों के पास चार पहिया  गाड़ी है.
  • जो परिवार सालाना 2,400 यूनिट से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करते हैं.
  • तीन से ज्यादा बच्चे होने पर या आपराधिक रिकॉर्ड होने वाली महिलाएं इसके लिए पात्र नहीं होंगी

पैसे कैसे मिलेंगे? आपके पास हैं 2 आसान ऑप्शंस

आपको 2,500 रुपये की मदद किस तरह चाहिए, इसके लिए सरकार ने दो रास्ते दिए हैं:

  1. हर महीने 1,500 रुपए रिकरिंग डिपॉजिट (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) खाते में जमा होंगे, जबकि बाकी 1,000 रुपए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में दिए जाएंगे जिसका इस्तेमाल आप सिर्फ मंजूरी-प्राप्त जरूरी सामान खरीदने के लिए कर पाएंगी.
  2. आप चाहें तो पूरे के पूरे 2,500 रुपए की राशि को सीधे अपने बैंक खाते (RD या FD) में जमा करवा सकती हैं.

दिल्ली लक्ष्मी योजना: आवेदन के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स चाहिए?

अगर आप ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का लाभ लेने के लिए आवेदन (Apply) कर रही हैं, तो अपने पास ये  डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें…

1. ये सभी अनिवार्य डॉक्यूमेंट्स 

  • आधार कार्ड
  • दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड
  • आपकी (आवेदक की) फोटो और हस्ताक्षर
  • क्षेत्रीय विधायक (MLA) या सांसद (MP) का सिफारिश पत्र (Recommendation Letter)

2. 10 साल से दिल्ली में रहने का सबूत (कोई भी 1 डॉक्यूमेंट्स):

  • दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड
  • राशन कार्ड
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • बिजली का बिल / गैस कनेक्शन बिल या रसीद

3. उम्र का सबूत / एज प्रूफ (कोई भी 1 डॉक्यूमेंट्स):

  • जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
  • स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र (SLC – अंतिम पढ़ी गई कक्षा का)
  • 10वीं कक्षा (मैट्रिक) की मार्कशीट या सर्टिफिकेट
  • पैन कार्ड (PAN Card)
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • आधार कार्ड
  • वोटर आईडी कार्ड

आर्थिक सहायता के अलावा क्या-क्या फायदे?

2,500 रुपए की आर्थिक सहायता  देने के साथ-साथ, ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का मकसद कई बड़े सामाजिक सुधारों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य , पोषण और स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना भी है…

  • बेटियों का स्कूल में दाखिला कराने, उनकी ‘अपार’ (APAAR) कार्ड और ‘आभा’ (ABHA) हेल्थ आईडी बनवाने के साथ-साथ बच्चों का समय पर टीकाकरण पूरा करने के लिए प्रेरित करना.
  • ‘पोषण’ ट्रैकर पर रजिस्ट्रेशन कराने के अलावा देशहित के अभियानों जैसे ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण करने और स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाना.
  • महिलाओं को स्वयं-सहायता समूहों (Self-Help Groups) और सरकारी कौशल विकास (Skill Development) ट्रेनिंग से जोड़ना, ताकि वे खुद का काम सीखकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें.


बता दें कि इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया दिल्ली सरकार के आधिकारिक ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल’ के जरिए की जाएगी.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930