राजधानी के दक्षिण-पूर्वी इलाके आया नगर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घात लगाए दो बदमाशों ने एक जिम ट्रेनर को गोलियों से भून डाला। अपराधियों ने जिम से बाहर निकलते ही ट्रेनर पर अचानक हमला कर दिया। करीब 10 से 12 राउंड हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल ट्रेनर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों हमलावर मौके से रफूचक्कर हो गए।
जिम से बाहर निकलते ही हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी रोजाना की दिनचर्या के तहत आया नगर स्थित जिम में वर्कआउट करने पहुंचा था। जैसे ही वह जिम का दरवाजा पार कर बाहर कदम रखा, पहले से ताक में बैठे दो हमलावरों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। गोलियों की तेज आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।
आपसी रंजिश की आशंका, जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे किसी पुरानी या व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हाल के दिनों में मृतक का किसी से कोई गंभीर विवाद तो नहीं हुआ था। पुलिस आसपास के रास्तों और दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने और भागने के रूट को ट्रेस किया जा सके।
पुलिस का बयान
फिलहाल आरोपियों की धरपकड़ और पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई स्पेशल टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से बारीकी से जांच जारी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्धों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
दिल्ली में बढ़ी आपराधिक घटनाएं
गौरतलब है कि दिल्ली में जिम के बाहर इस तरह की गोलीबारी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले नरेला क्षेत्र में भी जिम के बाहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें रंगदारी से जुड़े तार सामने आए थे। आया नगर में हुई इस ताजा वारदात ने एक बार फिर स्थानीय निवासियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।


















