नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ, देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

रायपुर- भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को संचालित होने वाले इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, समाज में जनजागरूकता फैलाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसी क्रम में अम्बिकापुर के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने संबोधन का श्रवण किया तथा इसके पश्चात सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया यह अभियान केवल नशामुक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक युवा को जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और परिश्रम से उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव में आए बिना अपनी क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ते हुए सफलता अर्जित की जा सकती है। परिवार, समाज और राष्ट्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए युवाओं का नशामुक्त और स्वस्थ जीवन अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

कलेक्टर श्री अजीत बसंत ने कहा कि “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” देशव्यापी जनजागरण अभियान है, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं नशे के दुष्प्रभावों को समझें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के युवा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत तथा उपसभापति श्री हरमंदिर सिंह टिन्नी ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, समाज में जनजागरूकता फैलाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी दिलाया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, जिला युवा अधिकारी श्री प्रिंस सिंह, एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री रामकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930