दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों मॉनसून एक्टिव है. उत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 12 अगस्त के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. इसमें दिल्ली, यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राज्य शामिल हैं. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में कल भी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. इस हफ्ते भी बारिश को दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने कल भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के पूर्वानुमान में 12 अगस्त को भी आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अधिकतम और न्यूनतम आर्द्रता 90 और 80 प्रतिशत के आसपास रह सकती है.

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में भी मॉनसून एक्टिव है और कई जगहों पर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को भी मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.

हिमाचल, उत्तरखंड, जम्मू और लद्दाख में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार रात से तेज बारिश का दौर जारी है. खासकर जिला कांगड़ा में देर रात हुई भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं. मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला और सोलन जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 और 13 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

वहीं उत्तराखंड में भी पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है. देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है जबकि देहरादून में नदी से सटे दो भवन धराशायी हो गए. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी है.

यूपी-बिहार में भी कल बारिश

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी कल बारिश का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. 12 अगस्त को बारिश की गतिविधि में कमी आएगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल मौसम लगभग शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना कम है. इसके अलावा बिहार में भी कल काफी ज़्यादा या व्यापक बारिश की संभावना है. इसके साथ ही, कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है.

तमिलनाडु में 16 अगस्त तक अलर्ट

तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक यहां बारिश का अलर्ट जारी किया है. आंधी-तूफान की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने कहा कि 14 अगस्त तक इस क्षेत्र में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में दिन के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है और शाम या रात तक बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

बहुत भारी बारिश: पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाके वाले पश्चिम बंगाल.

भारी बारिश: पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गुजरात क्षेत्र, कोंकण और गोवा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31