Una Road Accident : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ के पास हुआ। मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय हर्ष पुरी, निवासी फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हर्ष पुरी अपने जीजा बलकरण के साथ बाइक पर सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोंनों युवक को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में हर्ष पुरी ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल जीजा बलकरण का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















