कर्नाटक के गृह मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने RSS को ‘अपंजीकृत मनी लॉन्ड्रिंग यूनिट’ करार देते हुए आरोप लगाया कि संगठन धर्म के नाम पर कथित तौर पर अवैध गतिविधियां संचालित करता है। कांग्रेस नेता खरगे ने कहा कि RSS कुछ और नहीं, बल्कि एक अपंजीकृत मनी लॉन्ड्रिंग यूनिट है, जो धर्म के नाम पर सभी तरह की अवैध गतिविधियां कर रही है।
दिग्विजय सिंह के बयान का किया बचाव
इस दौरान कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने दिग्विजय सिंह के RSS और विश्व हिंदू परिषद (VHP) पर दिए बयान का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह में स्वयं आस्था में विश्वास रखने वाले व्यक्ति हैं। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया था कि देश का राष्ट्रीय विमर्श लगातार हिंदुत्व के मुद्दे पर केंद्रित किया जा रहा है और इसमें RSS तथा VHP की भूमिका है। उनके मुताबिक, इससे देश में हिंदू और दूसरे धर्मों के बीच विभाजन की स्थिति पैदा हुई है।
‘RSS 100 साल का, हिंदू धर्म हजारों साल पुराना’
प्रियंक खरगे ने RSS की हिंदू धर्म के कथित संरक्षण की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म हजारों वर्षों से मौजूद है, जबकि RSS की स्थापना को अभी करीब 100 वर्ष ही हुए हैं।
उन्होंने कहा कि RSS ऐसा व्यवहार करता है जैसे वही हिंदू धर्म का एकमात्र रक्षक हो। जिस धर्म की परंपरा 3,000 साल पुरानी बताई जाती है, उसकी रक्षा का दावा करने वाला RSS खुद अभी 100 साल का हुआ है।
हिंदू धर्म और हिंदुत्व में अंतर बताया
कर्नाटक के गृह मंत्री ने हिंदू धर्म और हिंदुत्व को अलग-अलग बताते हुए कहा कि दोनों को एक मानना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और हिंदुत्व में बड़ा अंतर है। हिंदुत्व की विचारधारा RSS से जुड़ी है, जबकि हिंदू धर्म हजारों वर्षों से अस्तित्व में है। इसलिए किसी हिंदू को RSS से हिंदू धर्म के बारे में सीखने की जरूरत नहीं है।
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था?
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने RSS और VHP पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश का विमर्श लगातार हिंदू धर्म के इर्द-गिर्द केंद्रित किया जा रहा है और RSS तथा VHP द्वारा ‘हिंदुत्व’ को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा था कि ‘हिंदुत्व’ शब्द सावरकर द्वारा गढ़ा गया था और इसके चलते देश में हिंदुओं और मुसलमानों, हिंदुओं और सिखों तथा हिंदुओं और ईसाइयों के बीच विभाजन पैदा हुआ है।



















