अहमदाबाद: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में आने वाले कोडिनार कस्बे को अब दुनिया जानेगी। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस से ठीक पहले गुजरात के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कोडिनार गुजरात का श्रीहरिकोटा बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां पर यहां भारत का अगला स्पेसपोर्ट बनेगा। मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि सौराष्ट्र का तटीय इलाका अंतरिक्ष के क्षेत्र में बड़ी प्रगति के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि यहां पर एक स्पेस लॉन्चिंग स्टेशन (स्पेसपोर्ट) बनाया जाएगा।

मोढवाडिया ने साझा की ‘गुड न्यूज’

मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने अहमदाबाद के साइंस सिटी में तीन दिवसीय अंतरिक्ष महोत्सव की शुरुआत के मौके पर यह घोषणा की। गौतरलब हो कि भारत 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाता है, जो 2023 में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के लैंडर ‘विक्रम’ की सफल लैंडिंग की याद में मनाया जाता है। मोढवाडिया ने कहा कि आज अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के मामले में गुजरात भारत के अग्रणी राज्यों में से एक है – जहां अहमदाबाद में IN-SPACe का मुख्यालय है, वहीं सौराष्ट्र में कोडिनार के पास एक नया (अंतरिक्ष) लॉन्चिंग स्टेशन स्थापित करने का काम चल रहा है। राज्य में उपग्रहों (सैटेलाइट्स) के निर्माण के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।

कोडिनार का चुनाव क्यों हुआ

अर्जुन मोढवाडिया ने बताया कि राज्य के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल पर कुछ समय से चर्चा चल रही है, क्योंकि यह स्थान अंतरिक्ष से जुड़ी गतिविधियों के लिए अनुकूल माना जाता है। भारत का मुख्य स्पेसपोर्ट आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में है, जबकि तमिलनाडु के कुलसेकरपट्टिनम में दूसरा स्पेसपोर्ट स्थापित करने का काम चल रहा है। DST के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि काम अभी शुरुआती चरण में है। ISRO के सहयोग से साइट का तकनीकी आकलन और मूल्यांकन किया जा रहा है।

मोढवाडिया ने मार्च में किया था इशारा

मार्च में मोढवाडिया ने विधानसभा को बताया था कि एक साइट की पहचान की जा रही है। राज्य में इस क्षेत्र में निजी क्षेत्र की शुरुआती गतिविधियां भी देखी गई हैं; इस साल की शुरुआत में धोलेरा में एक स्टार्टअप ने अपना पहला ‘रॉकेट लॉन्च’ किया था, जिसमें एक साउंडिंग रॉकेट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था। विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य में 20 से अधिक स्टार्टअप और संगठन अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जबकि IN-SPACe ने इस साल अहमदाबाद के पास खोराज में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के लिए एक विशेष क्षेत्र की घोषणा की है।

गुजरात में कहां पर कोडिनार

कोडिनार भारत के गुजरात राज्य के गिर सोमनाथ जिले में स्थित एक प्रमुख तटीय नगर और तालुका है, जो सौराष्ट्र क्षेत्र के ‘लीली नाघेर’ इलाके में अरब सागर के पास स्थित है। यह ऊना से लगभग 37 किमी पश्चिम और वेरावल से पूर्व में स्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग 51 (NH-51) इस शहर से गुजरता है। पहले यह जूनागढ़ का हिस्सा था। यह क्षेत्र गीर राष्ट्रीय उद्यान के नजदीक है और यहां ऐतिहासिक ‘मूल द्वारिका’ का पौराणिक महत्व है। कृषि में यहां गन्ना अनुसंधान केंद्र मुख्य है, साथ ही यह सीमेंट उद्योग (जैसे अंबुजा सीमेंट) के लिए भी जाना जाता है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031