Bilaspur News : जिला बिलासपुर के पुलिस थाना भराड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव पडयालग से लापता हुए व्यक्ति का शव सोमवार को रोहल खडु से बरामद हुआ। वहीं, शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नंदलाल (60) पुत्र गजण राम गांव मिहाड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदलाल रविवार शाम को घास लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी, लेकिन वह नहीं मिला। इसकी सूचना उन्होंने भराड़ी पुलिस को दी थी। सोमवार को लापता का शव रोहल खाडु में चैक डैम में मिलने की सूचना पर भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने की है।



















