रांची: झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास नेशनल हाईवे पर कल देर रात कार दुर्घटना में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह का निधन हो गया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बंगाल से जमशेदपुर लौटने के दौरान सड़क पर खड़े ट्रक से कार की टक्कर हो गई जिसके कारण तृषा समेत सभी चार लोगों की मौत हो गई। मरने वाले अन्य लोगों में सार्थक, वंशिका और नमन गुप्ता शामिल हैं। सभी शव पोस्टमाटर्म के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडे सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदना मंत्री दीपिका पांडे सिंह और शोकाकुल परिवार के साथ है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि अभी-अभी अत्यंत दुखद सूचना मिली कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में हमारी छोटी बहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी का निधन हो गया। इस असहनीय दु:ख की घड़ी में मैं दीपिका पांडे सिंह और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।



















