अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के एरी शहर में शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया. एक घर के बाहर शुरू हुई फायरिंग के बाद सड़क पर दो महिलाओं के शव मिले, जबकि पुलिस जब घर के भीतर दाखिल हुई तो वहां कई और लोगों की लाशें मिलीं. स्थानीय मीडिया एरी न्यूज नाउ को मिली जानकारी के मुताबिक, इस खूनी घटना में दो बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है.
शाम 5 बजे के बाद शुरू हुई दहशत
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम 5 बजे के कुछ ही देर बाद पुलिस को एरी शहर की पेरी स्ट्रीट के 700 ब्लॉक में गोली चलने की सूचना मिली. स्थानीय लोगों ने 911 पर फोन कर बताया कि एक व्यक्ति हैंडगन से घर के बाहर गोलियां चला रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहां सड़क पर दो महिलाओं के शव पड़े मिले. हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बड़ा अभियान शुरू किया, क्योंकि यह आशंका थी कि गोली चलाने वाला व्यक्ति अब भी आसपास मौजूद है और दूसरे लोगों की जान को खतरा हो सकता है.
घर को घेरा, लाउडस्पीकर से किया सरेंडर करने का आदेश
पुलिस अधिकारियों और SWAT टीम ने उस घर को चारों तरफ से घेर लिया, जहां संदिग्ध हमलावर के छिपे होने की आशंका थी. पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए अंदर मौजूद व्यक्ति को बार-बार बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसी दौरान दोबारा गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे पुलिस की चिंता और बढ़ गई. अधिकारियों को डर था कि घर के भीतर या आसपास दूसरे लोग भी खतरे में हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई. वहां अलग-अलग जगहों पर कई और लोगों के शव मिले. स्थानीय टीवी चैनल एरी न्यूज नाउ से बातचीत करने वाले सूत्रों के मुताबिक, मरने वालों में बच्चे भी शामिल थे. पुलिस को संदिग्ध हमलावर का शव भी घर के भीतर मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे गोली लगी थी और आशंका जताई गई कि उसने खुद को गोली मारी. हालांकि, इस बारे में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.



















