करनाल : हरियाणा के करनाल से एक भयानक हादसे की खबर सामने आई है। यहां शेखपुरा पुलिया के पास सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिलाओं की पहचान प्रीतो देवी (60) और सत्तो देवी (62) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे दोनों महिलाएं अनाज मंडी से काम खत्म करने के बाद रिक्शे में सवार होकर घर आ रही थीं। इस दौरान रिक्शे से उतरकर सड़क किनारे खड़ी हुई तभी सामने से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें भयंकर टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर जख्मी हो गई।
खून से लथपथ दोनों महिलाओं को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।



















