पंजाब में BJP और शिरोमणि अकाली दल के फिर से साथ आने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया है। उन्होंने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ पार्टियां सत्ता के लिए गठबंधन करती हैं। कभी साथ आती हैं तो कभी अलग हो जाती हैं। इसके उलट आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने कहा कि AAP का साथ पंजाब की माताओं-बहनों, अनुसूचित जाति (SC) समाज, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उनकी पार्टी इन सभी वर्गों के हितों और पंजाब के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में उन्होंने पंजाब को बेहतर बनाने के लिए मेहनत की है।
‘सत्ता के लिए कभी साथ, कभी अलग हो जाते हैं’
BJP और अकाली दल के गठबंधन पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि इन पार्टियों का साथ सत्ता के हिसाब से बदलता रहता है। कभी दोनों एक साथ आ जाती हैं तो कुछ समय बाद अलग हो जाती हैं। अब फिर दोनों ने हाथ मिला लिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद पंजाब के लोगों के लिए काम करना है।
कृषि कानूनों के विरोध में टूटा था पुराना गठबंधन
BJP और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़े। अब छह साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आ गई हैं। 24 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन का ऐलान किया गया। दोनों दल 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।


















