बेंगलुरु : कर्नाटक पुलिस के साथ बदसलूकी करने के आरोप में आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अफसर विकास मरमत और उनके तीन दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि बेंगलुरु के अशोक नगर में रेजिडेंसी रोड पर स्थित कैवोर बार और रेस्टोरेंट में छापे के दौरान ID मांगे जाने पर IAS विकास बिफर गए और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हिंदी में गाली दी। आरोपी IAS अधिकारी विकास मरमत के तौर पर हुई है, जो आंध्र प्रदेश के कुप्पम में कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी में स्पेशल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।
शुक्रवार देर रात हुई IAS-पुलिस में नोकझोंक
यह घटना तब हुई जब बेंगलुरु पुलिस के अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे एक पब में छापेमारी की और वहां मौजूद लोगों से उनकी ID दिखाने को कहा। ID मांगने पर IAS अधिकारी पुलिस अधिकारियों से बहस करने लगे। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें IAS अधिकारी और उनके दोस्त पुलिस अधिकारियों को गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपी आईएएस अफसर की पहचान विकास मरमत के तौर पर हुई है, जो आंध्र प्रदेश के कुप्पम में तैनात हैं। उनके तीन दोस्तों की पहचान अभय उदय सिंह, नितेश और रोशन के तौर पर हुई है। इन सभी के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।
पब और बार की चेकिंग कर रही थी बेंगलुरु पुलिस
एफआईआर में बताया गया है कि आईएएस मरमत ने इंस्पेक्टर को थप्पड़ मारा और धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि वह आईएएस अफसर हैं और पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकती। बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि शहर भर के पब और बार में देर रात छापेमारी की गई। लगभग 1,500 पुलिसकर्मियों ने 400 से 500 जगहों पर छापेमारी और जांच की, ताकि खुलने-बंद होने के समय के नियमों के उल्लंघन, कम उम्र के लोगों के शराब पीने और दूसरी कथित अनियमितताओं का पता लगाया जा सके। इसी दौरान कैवोर बार और रेस्टोरेंट में आईएएस और पुलिस में तकरार हुई।



















