उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं. अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह, अमेठी की गौरीगंज सीट से राकेश प्रताप सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी ने अमेठी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का दामन थामा. इस मौके पर स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे.

अभय सिंह ने रामचरितमानस का जिक्र कर सपा पर साधा निशाना

भाजपा में शामिल होने के बाद विधायक अभय सिंह ने कहा कि जो लोग मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और राष्ट्र का विरोध करेंगे, वे उनका विरोध करेंगे. उन्होंने रामचरितमानस का जिक्र करते हुए कहा कि तुलसीदास ने इस ग्रंथ के माध्यम से भगवान श्रीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया. ऐसे में रामचरितमानस को जलाना या फाड़ना और उसके बाद इस घटना पर टिप्पणी नहीं करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के बाद लोगों को दर्शन से रोकना भी सही नहीं है.

राज्यसभा चुनाव में सपा से बगावत के बाद बदले सियासी समीकरण

अभय सिंह समेत तीनों विधायक पहले समाजवादी पार्टी के साथ थे, लेकिन राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के बाद उनका सपा नेतृत्व से टकराव बढ़ गया था. बाद में इन विधायकों को सपा से निष्कासित कर दिया गया. अब तीनों ने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है.

बड़े काफिले के साथ अमेठी पहुंचे अभय सिंह

भाजपा में शामिल होने के कार्यक्रम के लिए अभय सिंह बड़े काफिले के साथ अमेठी रवाना हुए. उनके साथ समर्थकों और गाड़ियों का काफिला भी दिखाई दिया. तीन विधायकों के भाजपा में आने को उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है.

सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह BJP में हुए शामिल

भाजपा में शामिल होने पर गौरीगंज से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने अपने क्षेत्र के लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने उनसे भाजपा की सदस्यता लेने का अनुरोध किया और भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं. राकेश प्रताप सिंह के मुताबिक, उनके क्षेत्र में बूथ जिताने या हराने में अहम भूमिका निभाने वाले 98 प्रतिशत लोग समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे.

दिनेश प्रताप सिंह बोले- भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर आ रहे लोग

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर आम जनता से लेकर जनप्रतिनिधियों तक में पार्टी से जुड़ने का उत्साह है. उन्होंने कहा कि लोग भाजपा की ओर आकर्षित होकर पार्टी में शामिल होना चाहते हैं.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031