पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 33 वर्षीय IT इंजीनियर तृष्णा राहुल सकपाल ने पति और ससुराल वालों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। महिला के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पिता बालकृष्ण निकम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के पति और परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत के मुताबिक, तृष्णा पर अपनी पूरी सैलरी ससुराल वालों को देने, मायके का फ्लैट सास के नाम करने और ससुर के लिए एक करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने का दबाव बनाया जा रहा था।

मारपीट के भी आरोप

जानकारी के अनुसार, तृष्णा की शादी वर्ष 2018 में राहुल सकपाल से हुई थी। उसके पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की जाती थी। कप्रताड़ना के कारण तृष्णा को 2021 में अपने मायके लौटना पड़ा था। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसके पति ने दूसरी शादी करने के लिए तलाक की अर्जी दाखिल की, लेकिन मामला अभी अदालत में लंबित है। परिवार के आरोपों के आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने क्या बताया

पुलिस के अनुसार, महिला के 74 वर्षीय पिता ने मुंधवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर सोमवार को पति, सास, ससुर, ननद और दादी सास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला की ननद को मुंबई से गिरफ्तार किया है। शिकायत के मुताबिक, महिला को वर्ष 2018 से ही ससुराल में पैसों को लेकर कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था। उस पर फ्लैट खरीदने के लिए पैसे जुटाने और उसे पति के नाम पर ट्रांसफर करने का दबाव बनाया गया। इसके अलावा, ननद की पढ़ाई के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए भी महिला से बार-बार मायके से पैसे लाने को कहा जाता था।

सुसाइड नोट और मोबाइल में मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग

मुंधवा पुलिस की वरिष्ठ निरीक्षक स्मिता वासनिक ने बताया कि पुलिस को एक नोट मिला है, जिसे कथित तौर पर महिला ने लिखा था। नोट में उसने पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना के कारण अपनी जान देने की बात कही और उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया। पुलिस को महिला के मोबाइल फोन में उसके और पति के बीच बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली है। पुलिस इन सबूतों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031