कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए हमला मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार को कोटा जिले से तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कोटा रेलवे स्टेशन पर हमलावरों को दबोचा गया। बता दें कि रविवार शाम जुहू में तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ सात राउंड फायरिंग की थी।
सिटी पुलिस ने सुबह कोटा रेलवे स्टेशन से आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी मुंबई में वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रेन से दिल्ली जा रहे थे। लेकिन, ट्रेन के कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों हमलावरों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में से 2 हरियाणा और एक महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों को थाने लेकर पहुंची। जहां पर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।



















