Mahindra ने आखिरकार फैक्ट्री-फिटेड CNG SUV के सेगमेंट में एंट्री कर ली है. कंपनी ने नई XUV 3XO ZNG को पेश किया है. Mahindra XUV 3XO ZNG की बुकिंग 20 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है. बाजार में इसका मुकाबला Tata Nexon iCNG और Maruti Suzuki Brezza S-CNG से होगा.
हालांकि, इसे खास बनाने वाली बात सिर्फ इसका CNG मॉडल होना नहीं है. आमतौर पर कंपनियां CNG कारों में नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन देती हैं, लेकिन Mahindra ने यहां एक अलग रास्ता चुना है. कंपनी ने XUV 3XO के टर्बोचार्ज्ड इंजन को ही बरकरार रखा है, जो इसे दमदार परफॉर्मेंस देने के लिए जाना जाता है.
कीमत और वेरिएंट्स
Mahindra XUV 3XO ZNG को चार वेरिएंट्स MX Edge, RevX Edge (O), AX5 और RevX A में पेश किया गया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि टॉप वेरिएंट RevX A के लिए 12.27 लाख रुपये खर्च करने होंगे. कुल मिलाकर कहें तो XUV 3XO ZNG सिर्फ एक नई CNG SUV नहीं है, बल्कि Mahindra की ऐसी कोशिश है, जिसमें कम खर्च में गाड़ी चलाने के साथ ड्राइविंग का मजा भी लिया जा सके.
Mahindra XUV 3XO ZNG: केबिन और फीचर्स
Mahindra XUV 3XO को SsangYong Tivoli के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. हालांकि, कंपनी ने भारतीय बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसके ओरिजिनल आर्किटेक्चर में बदलाव किए हैं. इसकी 2,600 mm की व्हीलबेस लंबाई इस सेगमेंट की सबसे ज्यादा लंबाई में से एक है. इससे कार के केबिन में अच्छी-खासी जगह मिलती है और पीछे की सीट पर तीन बड़े लोग भी आराम से बैठ सकते हैं.
XUV 3XO ZNG में रेगुलर 3XO के कई फीचर्स भी मिलते हैं. इसमें 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन, 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स शामिल हैं. इसके कुछ वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ भी मिलती है. वहीं, सेफ्टी के लिए कार में 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं.
Mahindra XUV 3XO ZNG: इंजन
इंजन की बात करें, तो Mahindra XUV 3XO ZNG की सबसे बड़ी खासियत इसका दमदार परफॉर्मेंस है. इसमें 1.2-लीटर का 3-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड MPFi पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है. CNG मोड में यह इंजन करीब 114 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. खास बात यह है कि पेट्रोल मोड में भी इसका टॉर्क आउटपुट इतना ही रहने का दावा किया गया है.



















