कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक सड़क हादसे में एक 62 वर्षीय साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि कार में सवार 5 युवक घायल हो गए। यह हादसा भुंतर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिया में महिंद्रा एजेंसी के समीप हुआ। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बीती शाम की है। 5 युवक एक डिजायर कार में लाहौल-स्पीति घूमने के बाद वापस औट की तरफ लौट रहे थे। जब उनकी कार जिया में महिंद्रा एजेंसी के पास पहुंची तो कार चला रहे 27 वर्षीय अजय कुमार ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। साइकिल को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार सड़क पर खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

इस भीषण टक्कर में साइकिल सवार सावणू राम (62) जो कि जिया (कुल्लू) के ही निवासी थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेगूबेहड़ ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रैफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक से टकराने के कारण कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान चालक अजय कुमार (27), हर्षित (24), अमन (24), श्रुति (24) और सचिन (22) के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को हाथीथान स्थित हरिहर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी ने बताया कि भुंतर पुलिस थाने में आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031