न्यूजीलैंड ए और इंडिया ए के बीच पहला अनाधिकारिक टेस्ट लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने बल्ले और उसके बाद गेंद से बेहद ही निराशाजनक प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम महज 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन सुदर्शन और ध्रुव जुरेल पूरी तरह फेल हो गए। इसके बाद गेंदबाजों ने भी निराश किया। मेजबान टीम को ओपनर राइस मारियू 76 और कर्टिस हीफी 37* ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़े। दिन के आखिर में महज तीन रन के भीतर मुकेश चौधरी ने राइस और आकिब नबी ने जायडन लेनॉक्स और टिम रॉबिनसन को आउट कर थोड़ी राहत दी। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड 135/3 का स्कोर बनाते हुए 22 रन की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ए के सामने बेबस टीम इंडिया, कैसे करेगी सीनियर कीवी टीम का सामना?
बता दें कि 5 टी20 और 5 वनडे मैचों की सीरीज के बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से ये सीरीज बेहद ही अहम है। भारतीय टेस्ट टीम में शामिल कई खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शनिवार से शुरू हुए अनाधिकारिक टेस्ट में इंडिया ए का हिस्सा हैं। इंडिया ए के शुरुआती प्रदर्शन को देखते हुए न्यूजीलैंड सीनियर टीम के साथ टेस्ट सीरीज मुश्किल नजर आ रही है।
केएल राहुल समेत पांच खिलाड़ी शून्य पर आउट
भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आए। राहुल अपना खाता भी नहीं खोल सके और अपनी पारी की आठवीं गेंद पर आउट हो गए। जायसवाल 17 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन 0, कप्तान और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल 1 और वाशिंगटन सुंदर 0 पर आउट हो गए। ये सभी सीनियर टीम के हिस्से हैं और प्लेइंग इलेवन में इनका खेलना भी तय है। ऐसे में इन खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन सीनियर न्यूजीलैंड टीम के साथ टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए चिंता का विषय है।
भारत का सम्मान कुछ हद तक तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए देवदत्त पडिक्कल और छठे नंबर पर आए यश राठौड़ ने बचाया। देवदत्त ने 32 और यश ने 44 रन बनाए। राठौड़ नाबाद रहे। अंशुल कंबोज ने 10 रन बनाए। भारत की तरफ से 6 बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सके। जबकि केएल राहुल समेत पांच खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। इस तरह टीम इंडिया महज 113 रन पर सिमट गई।
भारत पर मंडरा रहा पारी से हार का खतरा
न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 135 रन स्कोर बोर्ड पर लगाते हुए 22 रन की बढ़त हासिल कर ली है। अब भारत पर इस मुकाबले में पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है।



















