जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में दुर्गा पूजा मेले के दौरान रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में बने ‘मौत के कुएं’ में मोटरसाइकिल से करतब दिखा रही एक युवती की बाइक में अचानक आग लग गई. आग की चपेट में आने के बाद संतुलन बिगड़ने से युवती नीचे गिर गई और झुलस गई. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त कुएं के अंदर युवती तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चला रही थी. इसी दौरान बाइक के इंजन के पास से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों से घिर गया.

आग लगने से घबराई युवती बाइक पर कंट्रोल नहीं रख सकी और करीब 20 फीट ऊंचे ढांचे के निचले हिस्से में जा गिरी. घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई.

कुएं के ऊपरी हिस्से में मौजूद दर्शक आग की लपटें देखकर बाहर निकलने के लिए संकरी सीढ़ियों की ओर भागने लगे. इससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. 

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ लोग हादसे के दौरान मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाते रहे. हादसे के तुरंत बाद मेला संचालकों और कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की. पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि आग लकड़ी से बने कुएं के ढांचे तक नहीं फैली. ऐसा होने पर बड़ा अग्निकांड हो सकता था.

हालांकि, आग से मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई. सोमवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हादसे की चर्चा तेज हो गई. फिलहाल, युवती की स्थिति और घटना के कारणों के संबंध में पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. जमशेदपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031