नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भारतीय सेना ने गलत बताया है।
जिसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी पर सेना की छवि खराब करने और भारत के दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया है।
कहां से शुरू हुआ विवाद?
बिहार में कांग्रेस की प्रवक्ता रितु चौधरी ने एक पोस्ट शेयर की जिसमें दावा किया गया कि चीनी गाड़ियां भारतीय इलाके में घुस आई हैं, जबकि दूसरे पोस्ट में आरोप लगाया है कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के इलाकों पर कब्जा कर लिया है और सेना को जरूरी सप्लाई नहीं दी जा रही है।’
आर्मी ने दोनों पोस्ट को गलत बताया
भारतीय सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर दोनों वीडियो के दावे की सच्चाई सामने रखी और इन्हें पूरी तरह से गलत बताया।पहले वीडियो को गलत बताते हुए आर्मी ने बताया कि इसमें सिक्किम के नाथू ला पास पर चीनी कमर्शियल गाड़ियां दिखाई गई थीं, जो भारत-चीन बॉर्डर ट्रेड पॉइंट है।
आर्मी ने कहा, ‘एक ऑथराइज्ड बॉर्डर ट्रेड रूट पर कमर्शियल गाड़ियों की मूवमेंट को चीनी मिलिट्री की घुसपैठ के सबूत के तौर पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।’
दूसरे फेक वीडियो जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया कह रहे थे कि चीन ने अरुणाचल के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया है, आर्मी ने साफ किया कि वीडियो डीपफेक था।
आर्मी ने एक पोस्ट में कहा, ‘ओरिजिनल फुटेज 27 अक्टूबर 2023 को जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा में एक प्रेस ब्रीफिंग का था, जिसमें लाइन ऑफ कंट्रोल के पार घुसपैठ की कोशिशों के बारे में बताया गया था।’



















