चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से इस समय की बड़ी खबर आई है. यहां बद्रीनाथ धाम से वापस लौट रहे एक हेलीकॉप्टर की लोकेशन गायब हो गई है. बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना प्रशासन को मिली है. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हेली के लोकेशन न मिलने की खबर मिलते ही प्रशासन ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. प्रशासन और हेली कंपनी हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है.
हेलीकॉप्टर के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक खराब मौसम के चलते चांई और थैंग गांव के ऊपर यह हादसा हुआ है. वहीं ताजा जानकारी निकलकर सामने आ रही है कि हेलीकॉप्टर पर सवार सभी 6 लोगों की हादसे में मौत हो गई है. आर्मी की सूचना पर प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हादसे की पुष्टि की.
ऋषिकेश की ओर जा रहा था चॉपर
बता दें कि 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था. खराब मौसम की वजह से चाय और थायंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया. इस हादसे में सवार सभी 6 लोगों की मौत की सूचना आ रही है. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि आर्मी की ओर से इस पूरी घटना की जानकारी प्रशासन को दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर हेलीकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि की है.
5 यात्री और एक पायलट की मौत
इस हादसे में मरने वाले यात्रियों में अरुण सालुंके, एच. एस. नागराजा, प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन, शंकरगौड़ा वी.बी., सुधीर के. और पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल का नाम शामिल है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन का एयरबस H125 हेलीकॉप्टर (VT-HCX) आज दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के करीब 7-8 मिनट बाद बद्री घाटी में हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया.
सीएम धामी ने जताया दु:ख
इस भीषण हादसे को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है. सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर ट्विट करते हुए सीएम ने लिखा, ‘जोशीमठ के पास ‘चयी’ गांव के निकट एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुखद खबर मिली है. जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की ओर से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है. मैं खुद इस पूरी घटना पर लगातार नजर रख रहा हूं. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट करके बड़े चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी यात्री सुरक्षित वापस आ जाएं.’



















