Viral Video: तुर्किये के इस्तांबुल में शादी के फोटोशूट के दौरान तेज हवा के कारण दुल्हन गुब्बारों के साथ हवा में उठने लगी। तभी फोटोग्राफर ने उसे पकड़कर संभाल लिया और बड़ा हादसा टल गया।

शादी का दिन हर किसी के लिए बेहद खास होता है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए लोग महीनों पहले से तैयारियां करते हैं। कपड़ों से लेकर सजावट और फोटोशूट तक, हर चीज पर खास ध्यान दिया जाता है। आजकल तो शादी से पहले और बाद में फोटोशूट करवाने का चलन भी काफी बढ़ गया है। कोई खूबसूरत लोकेशन पर तस्वीरें खिंचवाता है, तो कोई अलग-अलग चीजों के साथ अपने फोटोशूट को खास बनाता है। लेकिन जरा सोचिए, जिस फोटोशूट को आप जिंदगीभर की खूबसूरत याद बनाना चाहते हैं, वही अचानक डरावना अनुभव बन जाए तो क्या होगा? सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तेज हवा के चलते दुल्हन गुब्बारों के साथ हवा में ऊपर उठने लगती है। गनीमत रही कि वहां मौजूद फोटोग्राफर ने समय रहते उसे पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।

फोटोशूट के दौरान अचानक हुआ कुछ ऐसा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो तुर्किये के इस्तांबुल का बताया जा रहा है। इसे एक्स पर शेयर किया गया है। पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, एक होने वाली दुल्हन बोस्पोरस स्ट्रेट के पास अपना शादी का फोटोशूट करवा रही थी। इस दौरान उसने खूबसूरत कपड़े पहने हुए थे और हाथों में बड़े-बड़े बेज रंग के गुब्बारों का गुलदस्ता पकड़ रखा था। सब कुछ सामान्य चल रहा था और फोटोग्राफर उसकी तस्वीरें ले रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल वहां ऐसा कुछ होने वाला है, जिसे देखकर सबकी सांसें अटक जाएंगी।

तेज हवा ने दुल्हन को खींचना शुरू किया
दरअसल, फोटोशूट के दौरान अचानक तेज हवा चलने लगी। हवा के झोंकों के कारण गुब्बारों का बड़ा गुलदस्ता ऊपर की ओर खिंचने लगा। दुल्हन ने उन्हें मजबूती से पकड़ रखा था, लेकिन हवा का दबाव इतना ज्यादा था कि उसके लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते गुब्बारों के साथ दुल्हन भी जमीन से ऊपर उठने लगी। वह पास की समुद्री दीवार की तरफ खिंचती चली गई। कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि कहीं वह हवा में उड़कर किसी दूसरी जगह न जा पहुंचे। वहां मौजूद लोग भी यह नजारा देखकर घबरा गए।

फोटोग्राफर की सूझबूझ ने बचाया बड़ा हादसा
दुल्हन को इस तरह हवा में उठता देखकर फोटोग्राफर ने एक पल की भी देरी नहीं की। वह तुरंत आगे बढ़ा और दुल्हन को पकड़कर संभाल लिया। उसकी फुर्ती की वजह से दुल्हन सुरक्षित बच गई। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में उसे कोई चोट नहीं आई। बाद में उसने अपना फोटोशूट भी पूरा किया। हालांकि, यह अनुभव शायद वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी। जिस गुब्बारों के गुलदस्ते को वह अपनी तस्वीरों को खास बनाने के लिए लेकर आई थी, वही उसके लिए परेशानी की वजह बन गया। वीडियो देखकर लोग फोटोग्राफर की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि अगर वह समय रहते दुल्हन को नहीं पकड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, कुछ लोग इस घटना को देखकर हैरान हैं कि तेज हवा में बड़े गुब्बारे कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031