वॉशिंगटन। विदेश विभाग ने बताया कि शुक्रवार को टंप प्रशासन ने यूक्रेन को 500 पैट्रियट मिसाइलें बेचने की मंजूरी दे दी है, लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि इनकी डिलीवरी में कई साल लग सकते हैं।
इस मंजूरी को समीक्षा के लिए कांग्रेस के पास भेजा जाएगा। ये मंजूरी यूक्रेन के अधिकारियों की उन शिकायतों के बाद आई है, जिनमें उन्होंने कहा था कि उनके पास मौजूद इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार कम होता जा रहा है।
विभाग ने जारी किया बयान
विभाग ने एक बयान में कहा, “इस प्रस्तावित बिक्री से यूक्रेन की एकीकृत वायु और मिसाइल रक्षा क्षमताओं में सुधार होगा, जिससे वह मौजूदा और भविष्य के खतरों का बेहतर सामना कर सकेगा।” इस बयान में इस बात का कोई अनुमान नहीं दिया गया कि ये हथियार यूक्रेन को कब तक सौंपे जा सकते हैं।
जेलेंस्की ने क्या कहा?
लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “इन हथियारों की डिलीवरी शुरू होने में अभी कुछ साल लग सकते हैं।” जेलेंस्की ने कहा, “हम अपने अमेरिकी साझेदारों से कह रहे हैं कि वे उस समय के लिए कोई समाधान निकालें, जब सच में कोई बड़ा खतरा हो और PAC-3 इंटरसेप्टर का इस्तेमाल करने की वास्तविक जरूरत हो।”
यूक्रेनी नेता ने सुझाव दिया कि अमेरिका और यूरोपीय सहयोगी अपने पास मौजूद मिसाइलों का भंडार उनके देश को दे सकते हैं और बाद में नई खरीद के जरिए इन भंडारों की भरपाई की जा सकती है।
तनाव बढ़ने के बाद मिली मंजूरी
रूसी ड्रोन और मिसाइलों को रोकने के लिए यूक्रेन के पास मौजूद हथियारों में पैट्रियट मिसाइलें सबसे महत्वपूर्ण हथियारों में से एक हैं। विदेश विभाग ने कहा, “यह प्रस्तावित बिक्री अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के उद्देश्यों को समर्थन देगी। इससे एक ऐसे सहयोगी देश की सुरक्षा मजबूत होगी, जो यूरोप में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।”
इस महीने की शुरुआत में वॉशिंगटन द्वारा रूस के साथ डीजल ईंधन का समझौता करने के बाद अमेरिका और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ गया था। यूक्रेन ने यह भी कहा कि अमेरिका उसे सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं तक पहुंच देने में देरी कर रहा था और उसने खुफिया जानकारी साझा करना भी कुछ हद तक रोक दिया था।
20 अक्टूबर को ओस्लो में जेलेंस्की की अमेरिकी दूतों के साथ बातचीत के बाद तनाव कम हुआ। विदेश विभाग ने कहा कि हथियारों की बिक्री का भुगतान यूक्रेन के सहयोगियों द्वारा दिए गए चंदे से किया जाएगा, न कि अमेरिकी फंड से।



















