छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अहिवारा के बीजेपी विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर 31 अक्टूबर को सुबह विमान से रायपुर लाया गया। विभिन्न स्थानों पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद बालोद जिले के गुंडरदेही स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा जायेगा। 

विधायक डोमनलाल का हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विधायक का पार्थिव शरीर राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगा। सुबह 11 बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे। इसके बाद भिलाई-3 निवास से रवाना होकर पार्थिव शरीर 11:30 बजे जवाहर नगर दुर्ग पहुंचेगा। यहां दोपहर 12:30 बजे तक श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा।

पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में होगा अंतिम संस्कार
दोपहर एक बजे पार्थिव देह उनके गांव पहुंचेगी। यहां दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्मृति इरानी ने जताया शोक
बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर शोक जताया है। शोकाकुल परिवार के लिए संवेदनाएं व्यक्त की है। 

डिप्टी सीएम अरुव साव ने जताया शोक
डिप्टी सीएम अरुव साव ने शोक जताते हुए कहा कि विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। उनका निधन भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।  ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों,समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

डिप्टी सीएम विजय ने दी श्रद्धांजलि
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने शोक जताते हुए कहा कि विधायक कोर्सेवाड़ा के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं दुःखद है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। उनका सरल व्यक्तित्व, संगठन के प्रति निष्ठा और जनकल्याण के लिए किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनके निधन से भाजपा संगठन एवं छत्तीसगढ़ ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है। यह क्षति अपूरणीय है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। शोकसंतप्त परिवार और उनके शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें। भावभीनी श्रद्धांजलि। ॐ शांति।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031